अयोध्या, 27 मार्च : राम मंदिर अयोध्या में रामलला के तीसरे जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं और भव्य आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्सव में शामिल होने के लिए करीब 2.05 लाख श्रद्धालु गुरुवार शाम तक अयोध्या पहुंच चुके हैं। भीड़ को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दर्शन का समय लगभग 3 घंटे बढ़ा दिया है। अब श्रद्धालु सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक दर्शन कर सकेंगे।
2 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
जन्मोत्सव के दौरान दोपहर 12 बजे से 5 मिनट तक सूर्य की किरणें रामलला के मस्तक पर पड़ेंगी, जिसे ‘सूर्य तिलक’ कहा जाता है। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा। उत्सव की शुरुआत चैत शुक्ल नवमी के अवसर पर सुबह 9 बजे पंचामृत से महाअभिषेक के साथ होगी, जो लगभग 11 बजे तक चलेगा। मंगला और श्रृंगार आरती के बाद रामलला को पीले वस्त्र पहनाकर विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
गर्भगृह में विशेष पूजा कार्यक्रम
ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र के अनुसार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक गर्भगृह को आच्छादित रखा जाएगा। सुबह 11:45 बजे ‘छप्पन भोग’ लगाया जाएगा, इसके बाद ठीक 12 बजे रामलला का जन्मोत्सव मनाया जाएगा और पूजा-अर्चना के साथ आरती होगी।
लाइव प्रसारण की व्यवस्था
पूरे जन्मोत्सव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टेलीविजन और अन्य डिजिटल माध्यमों पर किया जाएगा, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालु भी इस आयोजन से जुड़ सकें। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू कर चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी है। गर्मी से राहत के लिए रामजन्मभूमि परिसर और दर्शन मार्ग पर कालीन बिछाई गई है। साथ ही रामपथ, भक्ति पथ और धर्मपथ पर भी विशेष मैटिंग की गई है।
पंडाल और सुविधाओं का प्रबंध
मुख्य प्रवेश द्वार और अंगद टीला परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बड़े पंडाल बनाए गए हैं, ताकि उन्हें धूप और गर्मी से बचाया जा सके।
यह भी देखें : भारत में पेट्रोल-डीजल और LPG की कोई कमी नहीं, अफवाहों से न घबराएं

More Stories
भारत सरकार ने पैट्रोल-डीजल पर एक्साईज ड्यूटी कम की, सस्ता होगा तेल?
शेयर मार्किट में आया भूचाल, निवेशकों को 6 लाख करोड़ डूब गए
अमेरिका-ईरान युद्ध संकट के बीच नायरा एनर्जी ने बढ़ाई ईंधन की कीमतें