नई दिल्ली , 29 मार्च : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने रविवार को जानकारी दी कि दो एलपीजी कैरियर—BW TYR और BW ELM—सुरक्षित रूप से होरमुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। ये जहाज करीब 94,000 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आ रहे हैं। मंत्रालय के अनुसार, BW TYR 1 अप्रैल को मुंबई पहुंचने का अनुमान है, जबकि BW ELM उसी दिन न्यू मैंगलोर पहुंच सकता है।
भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय ने बताया कि क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
मंत्रालय के मुताबिक:
- सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं
- पिछले 24 घंटों में किसी घटना की सूचना नहीं मिली
- पश्चिमी फारस की खाड़ी में 18 भारतीय जहाज मौजूद हैं
- इन जहाजों पर 485 भारतीय नाविक तैनात हैं
जामनगर में LPG की खेप पहुंची
इससे पहले जामनगर के वाडीनार टर्मिनल पर 47,000 मीट्रिक टन LPG की खेप पहुंची। यह शिप-टू-शिप ऑपरेशन के जरिए दूसरे जहाज में ट्रांसफर की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, भारतीय नौसेना के युद्धपोत जरूरत पड़ने पर व्यापारिक जहाजों को सुरक्षा देने के लिए तैयार हैं।
क्यों अहम है होरमुज जलडमरूमध्य
होरमुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच इसकी सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक स्थिरता के लिए बेहद जरूरी है। विदेश मंत्रालय भारत ने कहा है कि भारत स्थिति पर नजर बनाए हुए है और वैश्विक साझेदारों के साथ लगातार संपर्क में है। सरकार ने दोहराया कि अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन और समुद्री मार्गों की सुरक्षा बेहद जरूरी है, ताकि ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो।

More Stories
ट्यूबवेल के कमरे में मिले लड़का-लड़की को परिवार ने पकड़कर पीटा
भजन सम्राट गुलशन कुमार पर बनेगी बायोपिक, बेटे भूषण कुमार ने दिया बड़ा संकेत
ईरान ने US कैरियर ‘अब्राहम लिंकन’ को निशाना बनाने की दी धमकी