September 28, 2026

ईरान ने US कैरियर ‘अब्राहम लिंकन’ को निशाना बनाने की दी धमकी

ईरान ने US कैरियर ‘अब्राहम लिंकन’...

नई दिल्ली, 29 मार्च : मध्य पूर्व में तनाव लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंचता जा रहा है। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन उसकी सीमा में आता है, तो उसे निशाना बनाया जाएगा।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है, जिससे पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। ये हमले मुख्य रूप से इज़राइल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। जवाब में अमेरिका और इज़राइल ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।

खाड़ी देशों में हाई अलर्ट

संयुक्त अरब अमीरात, कतर और सऊदी अरब जैसे खाड़ी देशों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दुबई और दोहा जैसे बड़े शहरों में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं। दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक होरमुज जलडमरूमध्य पर खतरा मंडरा रहा है। यहां तनाव बढ़ने से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ सकता है।

वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर की आशंका

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह संघर्ष लंबा चला, तो इसका सीधा असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। तेल की कीमतों में वृद्धि और सप्लाई चेन में बाधा कई देशों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर सकती है। संयुक्त राष्ट्र समेत कई देशों ने संयम बरतने की अपील की है। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए तनाव जल्द कम होता नजर नहीं आ रहा।