नई दिल्ली, 29 मार्च : भजन सम्राट गुलशन कुमार को भला कौन नहीं जानता। 90 के दशक में उन्होंने अपने भजनों से लाखों लोगों के दिलों को छुआ। एक गायक होने के साथ-साथ वह एक सफल निर्माता भी थे, जिन्होंने टी-सीरीज़ के बैनर तले कई फिल्मों और म्यूजिक एल्बम्स का निर्माण किया। काफी समय से गुलशन कुमार की बायोपिक को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। अब उनके बेटे और टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने इस पर बड़ा अपडेट दिया है।
‘कहानी परफेक्ट होने के बाद ही बनेगी फिल्म’
भूषण कुमार ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह अपने पिता की बायोपिक बनाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए स्क्रिप्ट का परफेक्ट होना जरूरी है। उन्होंने कहा,
“मैं उनकी बायोपिक बनाना चाहता हूं, लेकिन फिलहाल स्क्रिप्ट को बेहतर बनाने पर काम कर रहा हूं। जब लिखाई पूरी हो जाएगी और मेरी मां भी कहानी से संतुष्ट होंगी, तब हम फिल्म शुरू करेंगे।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फिल्म किसी व्यावसायिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपने पिता के प्रति सम्मान के कारण बनाई जाएगी। गौरतलब है कि गुलशन कुमार की 12 अगस्त 1997 को मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में एक मंदिर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे फिल्म उद्योग को झकझोर कर रख दिया था।
‘आशिकी 3’ पर भी दिया अपडेट
भूषण कुमार ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘आशिकी 3’ को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल फिल्म का टाइटल तय नहीं है और इसकी शूटिंग श्रीनगर में चल रही है। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मशहूर गायक अरिजीत सिंह को फिल्म में शामिल किया जाएगा। भूषण ने कहा कि इतने बड़े कलाकार के लिए लंबे समय तक ब्रेक लेना सही नहीं है।
इस तरह, गुलशन कुमार की बायोपिक को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है, हालांकि इसके लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा।

More Stories
सत्य निकेतन हादसे में दो आरोपियों को 12 दिन की न्यायिक हिरासत
LAC पर चीनी सेना की तैनाती घटी, मोदी-जिनपिंग की मुलाकात के बाद रिश्तों में सुधार के संकेत
गृह मंत्री अमित शाह ने हिंदी दिवस की दी बधाई, बोले – ‘हिंदी किसी भाषा की प्रतिद्वंद्वी नहीं..’