April 12, 2026

तलवंडी साबो में प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

तलवंडी साबो में प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स...

तलवंडी साबो, 12 अप्रैल : करीब 40 साल के लंबे इंतजार के बाद तलवंडी साबो को एक नया और अत्याधुनिक प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स मिल गया है। रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह तीन मंजिला इमारत लगभग 3 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में बनाई गई है। इस कॉम्प्लेक्स में कुल 28 कमरे बनाए गए हैं, जिनमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एसडीएम के दफ्तर शामिल हैं।

इमारत में तीनों अधिकारियों के लिए अलग-अलग कोर्ट रूम भी बनाए गए हैं, जहां छोटे-मोटे विवादों का निपटारा किया जाएगा। इससे आम जनता को प्रशासनिक और न्यायिक सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।

फर्द केंद्र और रजिस्ट्री सुविधा भी उपलब्ध

कॉम्प्लेक्स में फर्द केंद्र और रजिस्ट्री सहायता केंद्र की सुविधा भी दी गई है, जहां मात्र 550 रुपये में रजिस्ट्री लिखने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आधुनिक रिकॉर्ड रूम, लिफ्ट और कैंटीन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। गौरतलब है कि पुरानी इमारत का निर्माण 1986 में हुआ था, जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य सभी सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए सुखबीर सिंह बादल के बयान का जिक्र किया और कहा कि अब उन्हें यह आधुनिक कॉम्प्लेक्स दिखाया जाना चाहिए।

स्वास्थ्य और शिक्षा में भी काम जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 990 आम आदमी क्लीनिक खोले जा चुके हैं, जहां 5 करोड़ से अधिक लोग इलाज करवा चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। यह नया प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स तलवंडी साबो के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा।

यह भी देखें : भिवानी की प्रिया घनघस ने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक