चंडीगढ़, 20 जुलाई 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज नकोदर में वार्षिक मेले के दौरान डेरा अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के दरबार में मत्था टेका और पंजाब की शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए आशीर्वाद लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद, मुख्यमंत्री ने हर वर्ग के लोगों द्वारा दिए गए अपार प्रेम और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुओं, पीरों, फकीरों और शहीदों का आशीर्वाद पंजाब को सांप्रदायिक सद्भाव और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करता है।
रंगला पंजाब के सृजन के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए, भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों द्वारा उन पर दिखाया गया विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उन्होंने पूरी ईमानदारी, समर्पण और पारदर्शिता के साथ प्रदेश की सेवा करने का वादा किया।
इस शुभ अवसर के बारे में जानकारी साझा करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स अकाउंट पर लिखा, “आज, मुझे नकोदर में वार्षिक मेले के दौरान डेरा अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के दरबार में मत्था टेकने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैं माताओं, बहनों, बच्चों और बुजुर्गों का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मेले में बड़ी संख्या में शिरकत की और मुझे बहुत प्यार दिया।”
उन्होंने अंत में कहा, “हमारे गुरुओं, पीरों, फकीरों और शहीदों का आशीर्वाद सदैव विश्वास, सद्भाव और भाईचारे की साझा भावना वाली इस पवित्र धरती पर बना रहे। इन आशीर्वादों के साथ, हम पंजाब के सर्वांगीण विकास और एक जीवंत एवं समृद्ध रंगला पंजाब के पुनर्निर्माण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं।”
सभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज इस पवित्र स्थान पर नतमस्तक होकर मैं अत्यंत खुश महसूस कर रहा हूं। पंजाब मेलों और त्योहारों की धरती है। यह एक उपजाऊ भूमि है, जहां हर बीज उग सकता है, परंतु यहां नफरत का बीज कभी अंकुरित नहीं हो सकता। भाईचारे की साझा भावना और एकता पंजाब की सबसे बड़ी ताकतें हैं। यहां लोग हर त्योहार एक साथ मनाते हैं, चाहे वह राम नवमी हो, गुरुपर्व हो या कोई अन्य त्योहार।”
आगामी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हम सभी श्री गुरु रविदास जी महाराज के आगामी 650वें प्रकाश पर्व को एक साथ मनाएंगे। पंजाब धार्मिक सद्भाव वाली धरती है। फूट डालने वाली ताकतें यहां कभी सफल नहीं हो सकतीं, क्योंकि हमारे सामाजिक संबंध बहुत मजबूत हैं। पंजाब के लोग सदैव अच्छे और बुरे समय में एकजुट खड़े रहते हैं।”
अपनी सरकार द्वारा लाए गए बदलाव को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पिछली सरकारें कलाकारों को केवल भीड़ इकट्ठी करने के लिए इस्तेमाल करती थीं, परंतु अब समय बदल गया है। हमने कलाकारों का मान-सम्मान पुनः स्थापित किया है। पंजाब के लोगों ने मुझे प्रदेश की सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी है, और मैं यह कर्तव्य पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभा रहा हूं।”
यह भी देखें: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 2,800 नए राशन डिपो धारकों को लाइसेंस सौंपे

More Stories
बहबल कलां गोलीकांड मामले में SIT के सामने पेश हुए सुखबीर सिंह बादल
मान सरकार द्वारा महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा पर 298 करोड़ रुपये खर्च – डॉ. बलजीत कौर
सीएम भगवंत सिंह मान ने जालंधर में होने वाली राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया