October 28, 2026

मुंबई एयरपोर्ट से नवी मुंबई शिफ्ट होंगी 38 इंटरनेशनल फ्लाइट्स

हवा में उडऩे वालों हो जाओ ...

मुंबई, 26 अक्टूबर 2026: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुछ उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना पर रविवार शाम बड़ा फैसला सामने आया। IndiGo और Air India Group ने Adani Airport Holdings के साथ मिलकर अपनी कुछ घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों को चरणबद्ध तरीके से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर ले जाने की घोषणा की।

The Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों एयरलाइन समूहों की कुल 38 दैनिक इंटरनेशनल फ्लाइट्स को दिसंबर 2026 से जुलाई 2027 के बीच शिफ्ट करने की योजना है। इस बदलाव से करीब 30 लाख इंटरनेशनल यात्रियों की सालाना आवाजाही नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित हो सकती है।

Air India Express दिसंबर 2026 से नवी मुंबई एयरपोर्ट से रोजाना चार घरेलू उड़ानें शुरू करने की योजना बना रही है। इसके बाद जनवरी 2027 से पश्चिम एशिया के कुछ रूट्स को भी चरणबद्ध तरीके से यहां शिफ्ट किया जाएगा। इनमें जेद्दा, रियाद, दम्माम, दोहा, मस्कट और शारजाह जैसे शहर शामिल हैं।

वहीं, IndiGo फरवरी 2027 से नवी मुंबई एयरपोर्ट से इंटरनेशनल उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है। एयरलाइन की योजना मुंबई के मौजूदा एयरपोर्ट से 12 दैनिक इंटरनेशनल डिपार्चर शिफ्ट करने की है। इसके अलावा काठमांडू के लिए रोजाना एक नई सेवा शुरू करने की भी योजना है।

मुंबई के मौजूदा एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 के पुनर्विकास के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध कराना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है। एयरपोर्ट ऑपरेटर के अनुसार, उड़ानों का बंटवारा दोनों एयरपोर्ट के बीच दबाव कम करने और भविष्य में हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को संभालने में मदद करेगा।

हालांकि, उड़ानों की अंतिम तारीखें और कुछ सेवाओं में बदलाव जरूरी परिचालन मंजूरी तथा एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटर के बीच समन्वय पूरा होने के बाद घोषित किए जाएंगे।

यह भी देखें: दिल्ली एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट में इंजन में आग लगने की सूचना, विमान सुरक्षित उतरा