October 30, 2026

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में दूसरे दिन भारत, जापान और मलेशिया ने दर्ज की जीत

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी

जालंधर, 30 अक्टूबर 2026: ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में आज तीन रोमांचक और जोरदार मुकाबले हुए, जिनमें मेजबान भारत, जापान और मलेशिया ने जीत दर्ज की।

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने भी भारत-चीन मुकाबला देखा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निरंतर प्रयासों के कारण ही पंजाब को प्रतिष्ठित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने का अवसर मिला है। पंजाब को देश में हॉकी का गढ़ बताते हुए श्री खुड्डियां ने कहा कि राज्य सरकार इस टूर्नामेंट की सफलता के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।

भारत और चीन के बीच हुए बेहद रोमांचक और जोरदार मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को 5-2 से हराया।

भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग फ्लिक का प्रदर्शन करते हुए 27वें और 31वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए। सुखजीत सिंह ने 12वें और 34वें मिनट में दो मैदानी गोल किए। जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया।

चीन के लिए पेंग यांग ने 26वें मिनट में और चोंगकोंग चेन ने 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किए।

एक अन्य मैच में जापान की टीम ने कड़ी टक्कर दे रही बांग्लादेश की टीम को काफी संघर्ष के बाद 1-0 से मात दी। जापान की ओर से राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया।

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से मात दी। मलेशिया के लिए अजीमुद्दीन कमरुद्दीन ने 10वें मिनट में मैदानी गोल करके खाता खोला। दक्षिण कोरिया ने खेल में वापसी करते हुए 31वें मिनट में सोंग हे-सोंग के मैदानी गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

ये भी देखें: टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लोकसभा स्पीकर ने जारी किया नोटिस, सात दिनों में मांगा जवाब