October 6, 2025

अंतरिक्ष यात्रा पर निकले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने रचा इतिहास

अंतरिक्ष यात्रा पर निकले भारतीय अंतरिक्ष...

फ्लोरिडा, 25 जून : भारतीय अंतरिक्ष यात्री सुभांशु शुक्ला और 3 अन्य अंतरिक्ष यात्रियों ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत आज अंतरिक्ष की उड़ान भरी है। एक्सिओम-4 मिशन इन अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक ले जाएगा। सुभांशु ने यह उड़ान भरकर इतिहास रच दिया है। स्पेसएक्स के ‘फाल्कन-9’ रॉकेट ने दोपहर 12:01 बजे नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरी।

14 दिनों का मिशन, 60 प्रयोग

मिशन के तहत 4 अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जाएंगे। सुभांशु शुक्ला इस मिशन में पायलट के तौ रपर काम करेंगे। यह मिशन करीब 14 दिनों का है, इस दौरान आईएसएस पर 60 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोग किए जाएंगे, जिनमें से 7 भारत के हैं। सुभांशु खासतौर पर सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में मेथी, मूंग दाल उगाने, मानव मांसपेशियों या टारडिग्रेड्स (सूक्ष्मजीवों) पर पडऩे वाले वैज्ञानिक अध्ययनों में हिस्सा लेंगे।

देशवासियों के नाम दिया संदेश

इस ऐतिहासिक उड़ान के बाद अंतरिक्ष यान में 10 मिनट की यात्रा के बाद शुभांशु शुक्ला ने कहा- नमस्कार मेरे प्यारे देशवासियों; 41 साल बाद हम अंतरिक्ष में पहुंचे हैं, ये एक यादगार यात्रा है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की गति से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं, मेरे कंधों पर भारत का तिरंगा है। इस बीच लखनऊ में शुभांशु के माता-पिता ने मीडिया से कहा कि हमारे बेटे ने न केवल हमें बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। हमें उस पर गर्व है।

आपको बता दें कि राकेश शर्मा के बाद भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान में ये सबसे बड़ा मोड़ माना जा रहा है। गगनयान मिशन के लिए ये अनुभव भारत को आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तकनीकी रूप से तैयार करेगा।

यह भी देखें : मौसम विभाग का अलर्ट, पंजाब-हरियाणा से लेकर उत्तराखंड तक भारी बारिश