October 6, 2025

पंजाब में बाढ़ से 12 जिले प्रभावित, 29 लोगों की मौत, कई फंसे

पंजाब में बाढ़ से 12 जिले प्रभावित...

चंडीगढ़, 2 सितम्बर : पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब बाढ़ की चपेट में हैं। इस दौरान पंजाब की रावी, व्यास और सतलुज नदियाँ उफान पर हैं। इसके साथ ही घग्गर नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। अब तक पंजाब के 12 ज़िले बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। इनमें अमृतसर, बरनाला, फाजिल्का, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, मानसा, मोगा, पठानकोट और मोहाली के कुछ इलाके शामिल हैं, जहाँ 1300 से ज़्यादा गाँव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण पंजाब में लाखों लोग बेघर हो गए हैं। पंजाब में बाढ़ से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है और 15688 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पठानकोट में 6, अमृतसर, बरनाला, होशियारपुर, लुधियाना, मानसा और रोपड़ में 3-3 और बठिंडा, गुरदासपुर, पटियाला, मोहाली और संगरूर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा, बड़ी संख्या में पशुधन की हानि हुई है। राज्य सरकार ने पंजाब के विभिन्न जिलों में 129 राहत शिविर चलाए हैं, जहाँ 7144 लोगों को सुरक्षित रखा गया है।

अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर बारिश जारी है, जिससे पंजाब में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने होशियारपुर, नवांशहर, गढ़शंकर, रोपड़ और पटियाला तथा आसपास के इलाकों में भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ भी जारी किया है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने कुछ जिलों में मध्यम बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया है।

यह भी देखें : प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से राज्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली