लुधियाना, 2 सितम्बर : पंजाब में लगातार कई दिनों से हो रही बरसात ने लोगों की जिंदगी मुश्किल बना दी है। दरिया, नदियों और नालों के उफान से गांवों में फसलों और पशुधन का बड़ा नुकसान हुआ है। अब औद्योगिक शहर लुधियाना भी बरसात की मार से अछूता नहीं रहा। दो दिन से हो रही मूसलधार बारिश के कारण शहर का आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
घरों और दुकानों में घुसा पानी
शहर की गलियों, सड़कों, घरों और दुकानों में 4 फुट तक पानी भर गया। लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया। हालात का जायज़ा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी, विधायक, मेयर और पार्षद खुद मैदान में उतरे और जल निकासी के इंतजाम करवाए।
छत गिरने से मासूम की मौत
ताजपुर रोड स्थित न्यू पुनीत नगर में एक पुराने घर की छत अचानक ढह गई। इस हादसे में 8 साल का विकास झा मलबे में दब गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता शंभू झा ने बताया कि वह चाय की दुकान चलाते हैं और परिवार घर में ही मौजूद था जब यह दर्दनाक हादसा हुआ। राहत कार्य के दौरान करंट आने से परिवार के सदस्यों को भी झटके लगे।
करंट लगने से दो भाइयों की मौत
गांव संगोवाल में एक और हादसा हुआ। यहां 21 वर्षीय तेजवंत सिंह घर में बिजली की मरम्मत कर रहा था कि लोहे की सरिए से करंट लग गया। छोटे भाई 19 वर्षीय मंजोत सिंह ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन दोनों ही करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
पुरानी इमारतें भी गिरीं
रात भर हुई बारिश ने कई पुरानी इमारतों को भी नुकसान पहुंचाया। कई जगह दीवारें गिरने से गाड़ियां, रेहड़ियां और बिजली के उपकरण खराब हो गए। लगातार बारिश ने लुधियाना को जलमग्न कर दिया है। जानी और माली नुकसान से लोग दहशत में हैं और प्रशासन हालात संभालने में जुटा हुआ है।
यह भी देखें :बारिश कारण ओवरहेड लाइन में करंट आने से रेलवे के कर्मचारी की मौत

More Stories
शराब के नाके पर बैरियर से टकराई बाइक, एक युवक की मौत
लुधियाना में फिर दहशत: बद्दोवाल के पास कार शोरूम पर अंधाधुंध फायरिंग
सीबीएसई का मोहाली कार्यालय लुधियाना होगा शिफ्ट, छात्रों की बढ़ी परेशानी