January 6, 2026

27 वर्षीय महिला की मौत, एक्स बॉयफ्रेंड पर लगा हत्या का आरोप

27 वर्षीय महिला की मौत...

न्यूयार्क, 5 जनवरी : नए साल की पूर्व संध्या (न्यू ईयर ईव) से लापता 27 वर्षीय एक महिला अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में अपने पूर्व प्रेमी के अपार्टमेंट में मृत पाई गई। यह जानकारी पुलिस ने दी है। हावर्ड काउंटी पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान निकिता गोडिशला के रूप में हुई है, जो एलिकॉट सिटी की रहने वाली थी। उसकी लाश उसके एक्स-बॉयफ्रेंड अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट से बरामद की गई। जांचकर्ताओं ने इस मामले में अर्जुन शर्मा पर हत्या का आरोप लगाया है और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

अर्जुन ने ही दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

जांचकर्ताओं के अनुसार, अर्जुन शर्मा ने 2 जनवरी को पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने अधिकारियों को बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को अपने अपार्टमेंट में देखा था। पुलिस ने बताया कि जब अधिकारियों ने अर्जुन द्वारा दी गई जानकारी की जांच शुरू की, तो उसी दिन बाद में यह सामने आया कि शर्मा पहले ही अमेरिका छोड़ चुका था और फ्लाइट के जरिए भारत चला गया था। अधिकारियों का मानना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर यह हत्या नए साल की पूर्व संध्या को शाम करीब 7 बजे के कुछ समय बाद हुई।

तलाशी में अपार्टमेंट से मिला शव

घटनाक्रम को देखते हुए जांचकर्ताओं ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अर्जुन के अपार्टमेंट के लिए सर्च वारंट हासिल किया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान फ्लैट के अंदर निकिता का शव बरामद हुआ, जिस पर चाकू से वार किए जाने के निशान थे। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के पीछे का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है।

यह भी देखें : सुप्रीम कोर्ट का आदेश उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज वेनेजुएला का नेतृत्व संभालेंगी