March 25, 2026

दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर बसों और कारों की टक्कर, कई लोगों की मौत

दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर बसों और...

मथुरा, 16 दिसम्बर : सोमवार रात करीब 2 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के आगरा-नोएडा लेन पर घने कोहरे में तेज रफ्तार से चल रहे कई वाहन आपस में टकरा गए। सात बसें और दो कारें आग की चपेट में आ गईं। कई लोग वाहनों के अंदर फंस गए, कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बसों से छलांग लगा दी। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। 150 से अधिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सात बसें और दो कारें आग की चपेट में

घने कोहरे के कारण रात में दृश्यता शून्य थी। इस वजह से आगे और पीछे चल रहे वाहनों के चालक एक-दूसरे को देख नहीं पा रहे थे और वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों में आग लग गई। सात बसें और दो कारें भीषण आग की चपेट में आ गईं। आग लगते ही बसों में अफरा-तफरी मच गई।

यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

आग लगते ही बसों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग अंदर फंस गए। टक्कर में बसें और गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। दुर्घटना के बाद आगरा से नोएडा जाने वाले एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। क्रेन की मदद से गाड़ियों को हटाया गया और एक तरफ किया गया।

डीएम-एसएसपी मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि हादसे में आग की चपेट में सात बसें और तीन छोटे वाहन आए हैं। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।