चंडीगढ़, 10 फरवरी : पंजाब के युवाओं को नशों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से पंजाब क्रिकेट लीग (PCL) की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह लीग सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि युवाओं के सशक्तिकरण और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने की एक रणनीतिक पहल है।
IPL की तर्ज पर होगी पंजाब क्रिकेट लीग
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब क्रिकेट लीग का आयोजन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर किया जाएगा, जिसमें जिला और क्षेत्रीय स्तर की टीमें भाग लेंगी। इस लीग के आयोजन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और पंजाब क्रिकेट संघ (PCA) के साथ तालमेल किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर की सुविधाएं और मंच उपलब्ध कराया जा सके।
छिपी प्रतिभा को निखारने का लक्ष्य
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं में छिपी प्रतिभा की पहचान करना, उसे निखारना और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, सकारात्मक सोच और बेहतर भविष्य की दिशा दिखाते हैं, जो युवाओं को नशों से दूर रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
खेल एवं युवा सेवाएं विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार खेलों को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम मानती है।
जिला और क्षेत्रीय आधार पर बनेंगी टीमें
प्रस्तावित ढांचे के तहत पंजाब के सभी जिलों के साथ-साथ माझा, दोआबा और मालवा जैसे क्षेत्रों के आधार पर टीमें गठित की जाएंगी। इससे ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के खिलाड़ियों को समान अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इमरान खान और अर्जुन रणतुंगा जैसे महान खिलाड़ियों ने भी ऐसी लीगों के जरिए अपनी पहचान बनाई है। पंजाब क्रिकेट लीग भी राज्य को क्रिकेट प्रतिभाओं की नर्सरी बनाने में मददगार साबित होगी।
अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री मान ने क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों को भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, खो-खो और कबड्डी जैसी खेलों के लिए भी जिला और राज्य स्तर की लीग शुरू की जाएंगी। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक पंजाबी खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने योग्य बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की खेल विरासत बेहद समृद्ध है और सरकार इसे पुनर्जीवित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह भी देखें : मणिपुर हिंसा: उखरूल जिले में आगजनी के बाद हालात तनावपूर्ण, कर्फ्यू लागू

More Stories
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में लतीफपुरा से अवैध कब्जे हटाए गए
राधा स्वामी सत्संग के लिए श्रद्धालुओं को मिलेगी सुगम यात्रा, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
पंजाब में रोजाना हो रहे कत्ल, कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई: मजीठिया