कांगो, 31 जनवरी : डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) के पूर्वी प्रांत में स्थित रुबाया कोल्टन खदान में बुधवार को हुए भीषण भूस्खलन (जमीन खिसकने) से 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई। विद्रोहियों द्वारा नियुक्त गवर्नर के प्रवक्ता लुमुंबा कंबेरे मुईसा ने शुक्रवार को रॉयटर्स को यह जानकारी दी। वहीं, गवर्नर के एक सलाहकार ने नाम न छापने की शर्त पर पुष्टि की कि मृतकों की संख्या कम से कम 227 हो चुकी है।
यह हादसा बारिश के मौसम के दौरान हुआ, जब कमजोर जमीन धंस गई और खदान में काम कर रहे मजदूरों, बच्चों और बाजार में व्यापार करने आई महिलाओं समेत सैकड़ों लोग गहरे गड्ढों में दब गए। मुईसा ने बताया, “इस हादसे में 200 से अधिक लोगों की जान गई है। कुछ लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हैं। करीब 20 घायलों का इलाज स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।”
दुनिया का 15% कोल्टन यहीं से निकलता है
रुबाया क्षेत्र विश्व के लगभग 15 प्रतिशत कोल्टन का उत्पादन करता है, जिससे टैंटलम धातु बनाई जाती है। यह धातु मोबाइल फोन, कंप्यूटर, एयरोस्पेस उपकरणों और गैस टरबाइनों के निर्माण में बेहद अहम है। यहां स्थानीय लोग हाथों से खुदाई कर रोजाना कुछ डॉलर कमाते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों की कमी के कारण ऐसे हादसे बार-बार होते रहते हैं।
विद्रोहियों के कब्जे में है खदान
यह खदान वर्ष 2024 से AFC/M23 विद्रोही समूह के नियंत्रण में है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, M23 ने इस क्षेत्र के संसाधनों की लूट कर अपने विद्रोह के लिए फंड जुटाया है। यह घटना पूर्वी कांगो में जारी संघर्ष और असुरक्षित खनन की खतरनाक स्थिति को उजागर करती है, जहां वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के लिए खनिज निकालने वाले मजदूरों की जान लगातार जोखिम में बनी रहती है।
यह भी देखें : ट्रंप की चेतावनी: कनाडा में बने विमानों पर 50% टैरिफ लगाएगा अमेरिका

More Stories
ग्रीस के एजीयन सागर में नाव हादसा, 14 की मौत
कनाडा में फिरौती हिंसा पर बवाल, हथियार लाइसेंस देने की मांग से छिड़ा विवाद
तनाव के बीच अमेरिका-ईरान शुक्रवार को करेंगे परमाणु वार्ता