चंडीगढ़, 12 मार्च : पंजाब विधानसभा का बजट सत्र आज छठे दिन भी जारी रहा। सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई, जिसमें शिक्षा और परिवहन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इसी दौरान कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा द्वारा विधायकों को ‘बंधुआ मजदूर’ कहने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रस्ताव भी पेश किया गया। प्रश्नकाल के दौरान शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब सरकार जल्द ही लेक्चररों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी।
उन्होंने बताया कि जो भर्ती प्रक्रियाएं बीच में लंबित हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। बैंस ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्य विषयों के शिक्षकों को छोड़कर अन्य विषयों के शिक्षकों की सरकारी कामकाज के लिए ड्यूटी केवल आवश्यकता पड़ने पर ही लगाई जाएगी।
स्कूल छात्रों के लिए परिवहन सुविधा बढ़ाने की तैयारी
प्रश्नकाल के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही परिवहन सुविधा को और विस्तारित करने की योजना बना रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक स्कूलों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
इस पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि फिलहाल पंजाब के लगभग 200 सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बजट 2026-27 सर्वसम्मति से पास
इससे पहले बुधवार को पंजाब विधानसभा ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट करीब चार घंटे चली बहस के बाद सर्वसम्मति से पारित कर दिया था।
बजट पर हुई चर्चा को समेटते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्ष की गैर-मौजूदगी पर सवाल उठाए। बजट बहस के दौरान सत्ताधारी पक्ष के विधायकों ने ‘मावां धियां सतिकार योजना’ को प्रमुख उपलब्धि के रूप में पेश किया और सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। वहीं बहस के दौरान कई विधायकों ने कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के बयानों का भी जिक्र किया।
विपक्ष पर मुख्यमंत्री का हमला
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सदन में कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने चार साल में पांच गारंटियां पूरी कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार अब नई राजनीतिक लड़ाई के लिए तैयार है और गारंटियों को लागू करने के बाद अगली चुनावी घोषणा-पत्र की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
यह भी देखें : पंजाब में गैस की ऑनलाइन बुकिंग ठप, होटल-रेस्टोरेंट और मैरिज पैलेस प्रभावित

More Stories
पंजाब का बजट हर वर्ग के कल्याण और विकास को सुनिश्चित करेगा: मोहिंदर भगत
पंजाब में गैस की ऑनलाइन बुकिंग ठप, होटल-रेस्टोरेंट और मैरिज पैलेस प्रभावित
माइनिंग सुधारों और पोटाश की खोज से पंजाब को अधिक की आय संभव: बरिंदर कुमार गोयल