February 4, 2026

कांग्रेस को झटका, डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने छोड़ी पार्टी, कहां जाने की तैयारी?

कांग्रेस को झटका, डॉ. नवजोत कौर सिद्धू...

चंडीगढ़, 1 फरवरी : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने आज कांग्रेस पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से सार्वजनिक की। डॉ. सिद्धू ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। 500 करोड़ रुपये की कथित अटैची से जुड़े बयान के बाद उन्हें पहले ही कांग्रेस पार्टी से निलंबित किया जा चुका था।

राजा वड़िंग पर लगाए गंभीर आरोप

अपने ट्वीट में डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर मुख्यमंत्री भगवंत मान से कथित मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस मिलीभगत के जरिए कांग्रेस को कमजोर और तबाह किया जा रहा है। डॉ. सिद्धू ने स्पष्ट कहा कि पंजाब में कांग्रेस की हार और पतन का कारण चुनाव नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर की अंदरूनी खींचतान है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंतरिक मतभेदों ने पार्टी को भारी नुकसान पहुंचाया है।

चेतावनियों को किया गया नजरअंदाज

उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार पार्टी के अंदर इस स्थिति को लेकर आवाज उठाई और चेतावनी भी दी, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने इस पर कोई अमल नहीं किया। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने दो टूक कहा कि वह अब उस प्रणाली का हिस्सा नहीं रह सकतीं, जहां पार्टी के हितों के साथ समझौता किया जा रहा हो। इसी कारण उन्होंने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास राजा वड़िंग से जुड़े कई सबूत हैं, लेकिन अब उनका इससे कोई सरोकार नहीं है।

यह भी देखें : डीजीपी ने गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही कार्रवाइयों की समीक्षा की