February 4, 2026

एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर विमान में तकनीकी खराबी, उड़ान भरने से रोका

एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर विमान में...

नई दिल्ली, 3 फरवरी : एयर इंडिया के एक पायलट ने सोमवार को बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित तकनीकी खराबी की आशंका जताई है। यह विमान लंदन से बेंगलुरु (फ्लाइट AI132) पहुंचा था, जिसके बाद पायलट ने इस खामी की रिपोर्ट दी। एयर इंडिया ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित विमान को उड़ानों से रोक दिया है।

साथ ही इस मामले की जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है। एयरलाइन के अनुसार अब विमान निर्माता कंपनी (OEM) के माध्यम से इस संभावित खराबी की प्राथमिकता के आधार पर जांच करवाई जाएगी।

पिछले हादसे से जुड़ने के कारण मामला गंभीर

यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का एक ड्रीमलाइनर विमान हादसे का शिकार हो गया था, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी। उस हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ था कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के दोनों इंजनों की फ्यूल सप्लाई मात्र एक सेकंड के अंतर से बंद हो गई थी। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग के अनुसार, पायलटों के बीच इस बात को लेकर भ्रम की स्थिति थी कि फ्यूल सप्लाई किसने बंद की।

विमान सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

ताज़ा घटना के बाद एक बार फिर से ड्रीमलाइनर विमानों की सुरक्षा व्यवस्था और विशेष रूप से फ्यूल कंट्रोल स्विच की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। विमानन विशेषज्ञ इस पूरे मामले को बेहद संवेदनशील मान रहे हैं।