अबोहर, 4 फरवरी : लुधियाना से राजस्थान होते हुए गुजरात ले जाई जा रही पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक-ट्रॉला राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में जब्त किया गया है। यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना मार्ग पर गांव धीरदेसर के पास की गई। ट्रक बिना किसी वैध परमिट या लाइसेंस के चल रहा था। गौरतलब है कि लुधियाना से करीब 225 किलोमीटर दूर संगरिया के पास अंतरराज्यीय सीमा पर परिवहन विभाग, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त चेक पोस्ट मौजूद है। इसके बावजूद यह ट्रक बिना किसी जांच के चेक पोस्ट पार कर भारतमाला परियोजना रोड पर पहुंच गया। यदि यहां जांच होती, तो शराब की खेप वहीं पकड़ी जा सकती थी।
पंजाब को हुआ आबकारी राजस्व का नुकसान
इस लापरवाही के कारण न केवल अवैध तस्करी हुई, बल्कि पंजाब सरकार को आबकारी ड्यूटी का भी भारी नुकसान हुआ है। मामले ने चेक पोस्ट और उड़नदस्तों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि पल्लू थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने शक के आधार पर ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग और ऑल सीजन ब्रांड की कुल 1503 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद की गईं।
ड्राइवर गिरफ्तार, आबकारी एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने ट्रक चालक प्रकाश कुमार बिश्नोई (22), निवासी वदानिया, जिला जालौर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि उसे शराब तस्करों ने लुधियाना से गुजरात तक खेप पहुंचाने के बदले मामूली रकम का लालच दिया था।
लुधियाना में लोड हुई थी शराब की खेप
जानकारी के अनुसार, लुधियाना में कुछ अज्ञात लोग चालक का ट्रक एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसमें शराब लोड की गई। राजस्थान-गुजरात सीमा के पास पहुंचने पर चालक को आगे की लोकेशन मिलने वाली थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि शराब पंजाब में निर्मित थी, लेकिन बोतलों से असली बैच मार्क हटाकर नकली लेबल लगाए गए थे। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि गुजरात के तस्करों ने इतनी बड़ी खेप मंगवाने के लिए पंजाब के किसी ठेकेदार से संपर्क किया था।
कोई बिल या दस्तावेज नहीं मिला
सबसे हैरानी की बात यह है कि ट्रक में शराब के अलावा कोई अन्य सामान नहीं था और चालक के पास न तो कोई बिल था और न ही कोई वैध दस्तावेज। इसके बावजूद ट्रक का पंजाब में कहीं भी निरीक्षण नहीं किया गया। पुलिस को चालक के मोबाइल फोन से एक संदिग्ध नंबर मिला है, जिसे ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

More Stories
मुख्यमंत्री मान का डेरा सियासत पर तंज, एक्स पोस्ट से मचा सियासी हलचल
ए.आई. के दुरुपयोग से बनाई आपत्तिजनक तस्वीरें, रिश्तेदार दंपती पर आरोप
लाडोवाल टोल के पास NH-44 की बदहाल हालत बन रही हादसों की वजह