February 4, 2026

लंदन से बेंगलुरु आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट रद्द, तकनीकी गड़बड़ी

लंदन से बेंगलुरु आने वाली एयर इंडिया...

नई दिल्ली, 2 फरवरी : लंदन से बेंगलुरु आने वाली एयर इंडिया की उड़ान AI-132 को तकनीकी खराबी के चलते रद्द कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान को एहतियातन ग्राउंड कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, लंदन से बेंगलुरु आ रही फ्लाइट AI-132 में फ्यूल कंट्रोल स्विच “रन” स्थिति से “कटऑफ” की ओर बढ़ रहा था, जिससे इंजन तक ईंधन की आपूर्ति बाधित होने की आशंका पैदा हो गई थी। यह स्थिति विमान संचालन के लिहाज़ से बेहद गंभीर मानी जाती है।

क्या हुआ था?

हीथ्रो एयरपोर्ट (लंदन) से उड़ान भरने की तैयारी के दौरान, इंजन स्टार्ट-अप प्रक्रिया के समय फ्यूल कंट्रोल स्विच में असामान्य गतिविधि देखी गई। यदि यह स्विच पूरी तरह कटऑफ स्थिति में चला जाता, तो इंजन में ईंधन का प्रवाह रुक सकता था, जिससे बड़ी तकनीकी समस्या उत्पन्न हो सकती थी।

एयर इंडिया का बयान

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “हमें हमारे एक पायलट द्वारा बोइंग 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही विमान को ग्राउंड कर दिया गया और प्राथमिकता के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।”

जांच जारी

एयरलाइन ने इस घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी है। इसके साथ ही विमान निर्माता कंपनी (OEM) को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है। फिलहाल तकनीकी टीम खराबी के कारणों की गहन जांच कर रही है।

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एयर इंडिया ने कहा है कि सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।