नई दिल्ली, 27 मार्च : भारत की प्रमुख निजी ईंधन रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया है। इस बढ़ोतरी के बाद नायरा पंपों पर पेट्रोल की कीमत 100.71 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.31 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। कंपनी देशभर में 6,967 पेट्रोल पंप संचालित करती है, जिनमें से कई पंजाब में भी स्थित हैं।
मिडिल ईस्ट संकट का असर
कंपनी ने कीमतों में वृद्धि के पीछे मध्य पूर्व में जारी तनाव और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को जिम्मेदार ठहराया है। तेल सप्लाई में रुकावटों के कारण ईंधन वितरण और उपलब्धता पर भी असर पड़ा है। नायरा एनर्जी में बड़ी हिस्सेदारी रूस की रोसनेफ्ट की है, जो वैश्विक ऊर्जा बाजार में एक बड़ा खिलाड़ी है। सूत्रों के अनुसार, निजी ईंधन रिटेल कंपनियों को कीमतें स्थिर रखने के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए कोई सरकारी मुआवजा नहीं मिलता। इस वजह से उन्हें नुकसान से बचने के लिए कीमतें बढ़ानी पड़ती हैं।
सरकारी कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम
सरकारी तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी हाल ही में प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2 रुपये प्रति लीटर और बल्क डीजल के दाम 22 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं। गौरतलब है कि अप्रैल 2022 के बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल की रिटेल कीमतों में इस तरह का बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ सकता है।
यह भी देखें : अयोध्या जी में आज मनाया जाएगा रामलला का जन्मोत्सव, 12 बजे सूर्य तिलक

More Stories
कार में आग लगने से बच्चे की मौत
यू.ए.ई जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी, 30 नई फ्लाइटस
धार्मिक स्वतंत्रता में सार्वजनिक छुट्टी की मांग शामिल नहीं: सुप्रीम कोर्ट