अमरोहा, 13 फरवरी : अमरोहा में खेलते समय घर के पास बने राशन गोदाम में गए एक पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। गेहूं से भरी बोरियों का ढेर उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह करीब दो घंटे तक नीचे दबा रहा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
खेलते-खेलते गोदाम में पहुंचा था बच्चा
शहर के मोहल्ला सुभाष नगर स्थित तेलियों वाली मस्जिद के पास राशन डीलर गंगादान उपाध्याय का परिवार रहता है। घर में ही उनका राशन का गोदाम बना हुआ है। उनके छोटे बेटे विनीत उपाध्याय एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। विनीत के दो बच्चे हैं बड़ी बेटी अंशी और पांच वर्षीय पुत्र सार्थक।
बुधवार शाम सार्थक मोहल्ले के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह घर में बने राशन गोदाम में चला गया और गेहूं की बोरियों के पीछे छिप गया। अन्य बच्चे उस तरफ नहीं गए, जिस कारण सार्थक का पता नहीं चल सका।
बोरियों का ढेर गिरने से दबा
खेल के दौरान अचानक गेहूं की बोरियों का ढेर उसके ऊपर गिर गया और वह नीचे दब गया। इधर काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोग और मोहल्लेवासी उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद जब गोदाम में देखा गया तो वहां बोरियों का ढेर गिरा हुआ था। शक होने पर जब बोरियां हटाई गईं तो सार्थक नीचे दबा मिला। उसकी हालत बेहद नाजुक थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अमरोहा रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सार्थक की सांसें थम चुकी थीं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
यह भी देखें : कैप्टन अमरिंदर को तलब करने वाले ईडी अधिकारी का तबादला

More Stories
कैप्टन अमरिंदर को तलब करने वाले ईडी अधिकारी का तबादला
लुधियाना के 9 वर्षीय अमन के हत्यारे का पता बताने वाले को पुलिस देगी ईनाम
पंजाब में डिप्टी सी.एम. की पोस्टों को लेकर लॉबिंग तेज