March 19, 2026

अमेरिकी वीज़ा के लिए अब देना होगा 15,000 डॉलर तक का बॉन्ड

अमेरिकी वीज़ा के लिए अब देना...

नई दिल्ली, 19 मार्च : अमेरिका जाने के इच्छुक कुछ देशों के नागरिकों के लिए वीज़ा प्रक्रिया अब और सख्त हो गई है। U.S. Department of State ने नए नियम जारी करते हुए कहा है कि चयनित देशों के नागरिकों को वीज़ा आवेदन के लिए 15,000 अमेरिकी डॉलर तक का बॉन्ड जमा कराना होगा।

विदेश विभाग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, इस सूची में 12 और देशों को जोड़ा गया है। इनमें कंबोडिया, इथियोपिया, जॉर्जिया, ग्रेनेडा, लेसोथो, मॉरीशस, मंगोलिया, मोज़ाम्बिक, निकारागुआ, पापुआ न्यू गिनी, सेशेल्स और ट्यूनीशिया शामिल हैं। इन देशों के पासपोर्ट धारकों को अब वीज़ा आवेदन के दौरान यह बॉन्ड जमा करना होगा।

शर्तों के पालन पर वापस होगा पैसा

अमेरिकी विदेश विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि वीज़ा आवेदन खारिज हो जाता है या वीज़ा मिलने के बाद आवेदक सभी नियमों और शर्तों का पालन करता है, तो जमा किया गया बॉन्ड वापस कर दिया जाएगा। नए नियम 2 अप्रैल से लागू होंगे। इसके बाद कुल लगभग 50 देशों को इस सूची में शामिल किया जाएगा, जहां के नागरिकों को अमेरिकी वीज़ा के लिए बॉन्ड जमा करना अनिवार्य होगा।

यह नीति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के दौरान शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध प्रवासन को रोकना है। इस फैसले से साफ है कि अमेरिका वीज़ा प्रक्रिया को और कड़ा कर रहा है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और अवैध इमिग्रेशन पर नियंत्रण रखा जा सके।