चंडीगढ़, 3 मार्च : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि खुद को “कट्टर ईमानदार” बताने वाली सरकार के भ्रष्टाचार का एक और खुलासा हुआ है और पंजाब को माइनिंग माफिया लूट रहा है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि बदलाव के नाम पर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी की सरकार पर माइनिंग माफिया को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगे हैं। उनका कहना है कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर सामने आ रहा है।
सांसद मालविंदर कंग के बयान का हवाला
शर्मा ने कहा कि पहले सरकार के ही सांसद मालविंदर कंग ने खुले तौर पर स्वीकार किया था कि पंजाब में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है। अब सामने आए नए तथ्यों ने सरकार की स्थिति और भी कठघरे में खड़ी कर दी है।
जल संसाधन और खनन विभाग के एसडीओ नवप्रीत सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को लिखी गई चिट्ठी का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि इस पत्र ने कथित “सरकारी माफिया राज” की पोल खोल दी है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि रूपनगर और श्री आनंदपुर साहिब में वरिष्ठ अधिकारी (एसई और एक्सईएन) क्रशर मालिकों से हर महीने दो-दो लाख रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं।
चेक पोस्टों पर धांधली के आरोप
चिट्ठी के मुताबिक, चेक पोस्टों पर खुलेआम धांधली हो रही है और कथित तौर पर माफिया के ट्रक चोरी के रास्तों से निकाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, जब ईमानदार अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताई तो उन्हें कार्रवाई का भरोसा देने के बजाय निलंबन की धमकियां दी गईं। विपक्ष का कहना है कि पंजाब में सरकार माफिया को नहीं, बल्कि माफिया सरकार को चला रहा है।
साथ ही ‘जिहड़ा खेत ओहदी रेत’ जैसी योजनाओं के जरिए सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है। इस मामले ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि सरकार इन आरोपों पर क्या जवाब देती है और क्या इस पूरे मामले की जांच करवाई जाती है।
यह भी देखें : शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने जताई चिंता

More Stories
सुप्रीम कोर्ट से पंजाब सरकार को झटका, इलाका संघर्ष कमेटी को बड़ी कानूनी राहत
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने जताई चिंता
अरब देशों में फंसे पंजाबीयों के लिए पंजाब सरकार ने जारी किए हेल्पलईन नंबर