March 1, 2026

अयातुल्ला अली ख़ामेनेई की हवाई हमले में मौत, मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव

अयातुल्ला अली ख़ामेनेई की हवाई हमले में मौत...

दुबई/तेहरान, 1 मार्च : ईरान ने रविवार सुबह पुष्टि की है कि देश के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली ख़ामेनेई की इज़राइल और अमेरिका द्वारा किए गए बड़े हवाई हमले में मौत हो गई। 86 वर्षीय ख़ामेनेई पर यह हमला तेहरान स्थित उनके कार्यालय और रिहायशी परिसर को निशाना बनाकर किया गया। हमले के बाद सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में परिसर को भारी नुकसान दिखाया गया है।

अमेरिका और इज़राइल की संयुक्त कार्रवाई

ईरान के अनुसार यह हमला इज़राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई का हिस्सा था। इस हमले में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर और रक्षा मंत्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मारे गए हैं। इससे ईरान की सत्ता व्यवस्था में बड़ा नेतृत्व संकट पैदा हो गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस कार्रवाई को “ईरानी जनता के लिए अपना देश वापस लेने का सबसे बड़ा मौका” बताया है। उन्होंने कहा कि यह कदम ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह नष्ट करने के उद्देश्य से उठाया गया।

ईरान की जवाबी कार्रवाई, बदले की कसम

हमले के बाद ईरान ने इसे “बड़ा अपराध” करार देते हुए बदला लेने की कसम खाई है। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इज़राइल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर सैकड़ों मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है। तेहरान से मिली रिपोर्टों के मुताबिक, जहां कुछ लोगों ने इस खबर पर जश्न मनाया, वहीं हवाई हमलों के कारण भारी जनहानि की भी सूचना है। दक्षिणी ईरान में एक स्कूल पर बमबारी की खबर ने हालात को और गंभीर बना दिया है।

क्षेत्रीय युद्ध का खतरा गहराया

इस घटनाक्रम के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव चरम पर है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नजर बनाए हुए है, क्योंकि हालात किसी बड़े क्षेत्रीय युद्ध में बदल सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर सीधा हमला भू-राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है और आने वाले दिनों में हालात और विस्फोटक हो सकते हैं।

यह भी देखें : ईरान पर इजराइल ने शुरु किए ताबड़तोड़ हमले