February 13, 2026

बठिंडा सूटकेस मर्डर केस सुलझा, प्रेमी हिरासत में

बठिंडा सूटकेस मर्डर केस...

बठिंडा, 13 फरवरी : बठिंडा के मलोट रोड पर गांव बहिमण दीवाना के पास सूटकेस में मिली युवती की अंधी हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगातार तीन दिनों की जांच के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को सुलझाने का दावा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके कथित प्रेमी ने ही की, जिसके साथ वह अपना घर छोड़कर रह रही थी।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों को लेकर कई पहलुओं पर जांच जारी है। संभावना है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर सकते हैं।

लाल सूटकेस में मिली थी अधजली लाश

मृतका की पहचान बाघापुराना निवासी मलिका के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोगा जिले की रहने वाली थी। दो दिन पहले बठिंडा-मलोट मुख्य सड़क पर लाल रंग के सूटकेस से उसकी लाश बरामद हुई थी।

मौके पर डीएसपी परविंदर सिंह सरां और एसएचओ जसविंदर सिंह फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे थे। जब सूटकेस खोला गया तो उसमें युवती की आधी जली हुई लाश मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

तेजधार हथियार से वार, सबूत मिटाने की कोशिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर तेजधार हथियार से गहरे घाव थे। इससे स्पष्ट हुआ कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश की गई और फिर सूटकेस में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर समाज में बढ़ते अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी देखें : पैरोल के दौरान फरार होने वाले कैदियों में पंजाब अव्वल