भिवानी, 12 अप्रैल : भिवानी पहुंचीं एशियन चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता प्रिया घनघस ने कहा कि मंगोलिया में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में कड़ी मेहनत कर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने अपने सफर के बारे में बताते हुए कहा कि उनका पहला मुकाबला कजाखस्तान की एक मुक्केबाज़ से था, जिसे उन्होंने अपनी रणनीति के दम पर 5-0 से हराया।
विश्व चैंपियन खिलाड़ियों को दी मात
इसके बाद उनका दूसरा मुकाबला चीन की दो बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज़ से हुआ, जिसे उन्होंने 4-1 से हराया। तीसरा मुकाबला भी उन्होंने एकतरफा अंदाज में 5-0 से जीत लिया। फाइनल में उनका मुकाबला दक्षिण कोरिया की एक विश्व चैंपियन खिलाड़ी से था, जिसे भी उन्होंने एकतरफा मैच में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रिया ने बताया कि उन्होंने 2016 में मुक्केबाज़ी शुरू की थी। उन्होंने कहा कि 2008 ओलंपिक में भिवानी के मुक्केबाज़ विजेंदर सिंह द्वारा देश के लिए पहला पदक जीतने से उन्हें प्रेरणा मिली और तभी उन्होंने भी देश के लिए मेडल जीतने का सपना देखा।
कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स और ओलंपिक लक्ष्य
प्रिया ने कहा कि उनके परिवार से उन्हें पूरा समर्थन मिलता है और परिवार ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य दो महीने बाद होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना है और इसके बाद एशियन गेम्स में भी देश का नाम रोशन करना है। उन्होंने यह भी बताया कि ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाइंग राउंड अगले साल से शुरू होंगे और उनका सपना ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक जीतना है।

More Stories
एम-स्टार ई-पंजाब ऐप ने शिक्षा व्यवस्था को उलझाया
राज्यपाल से रवनीत बिट्टू की मुलाकात, कहा पंजाब में बढ़ता क्राईम चिंता का विषय
लाहन बरामदगी का बनाया प्लान, थाना मुखी, कांस्टेबल को किया लाइन हाजिर