February 4, 2026

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और पति पर 11.50 करोड़ की ठगी का आरोप

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और...

मुंबई, 30 जनवरी : भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी और उनके पति विवेक कुमार उर्फ अभिषेक कुमार सिंह चौहान के खिलाफ मुंबई पुलिस ने 11.50 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह मामला मुंबई के एक कस्टम क्लीयरेंस एजेंट की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता हितेश कांतिलाल अजमेरा, जो कस्टम क्लीयरेंस के व्यवसाय से जुड़े हैं, ने पंतनगर पुलिस से संपर्क कर आरोप लगाया कि दंपति ने उन्हें बड़े मुनाफे और फिल्म इंडस्ट्री में मजबूत संपर्कों का झांसा देकर ठगा।

₹200 करोड़ रिटर्न और स्टूडियो की हिस्सेदारी का लालच

FIR के अनुसार, आरोपियों ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में प्रभावशाली व्यक्ति बताया और दावा किया कि उनके पास भारी धनराशि और मजबूत नेटवर्क है। अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी ने कथित तौर पर अंधेरी में एक फिल्म स्टूडियो और अभिनेताओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र का मालिक होने का दावा किया। पीड़ित का आरोप है कि उसे स्टूडियो की हिस्सेदारी, शोहरत और बिना ब्याज ₹200 करोड़ की वापसी का वादा कर निवेश के लिए उकसाया गया। इसके अलावा विवेक कुमार ने दावा किया कि बिहार के बेतिया स्थित एक गोदाम में ₹300 करोड़ नकद जमा है, जो कानूनी अड़चनों के कारण फंसा हुआ है।

झूठे दस्तावेज दिखाने का आरोप

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका विश्वास जीतने के लिए उसे पटना ले जाया गया और कथित गोदाम से जुड़े दस्तावेज दिखाए गए। आरोप है कि चार दिन के भीतर ₹200 करोड़ लौटाने का भरोसा दिया गया। मार्च से जुलाई 2024 के बीच पीड़ित ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।

पुलिस ने शुरू की जांच

FIR के अनुसार, 5 जुलाई 2024 को बेतिया जाते समय विवेक कुमार कार से यह कहकर उतरा कि वह मिठाई खरीदने जा रहा है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

यह भी देखें : हेरा फेरी 3 पर विवाद: परेश रावल ने तोड़ी चुप्पी, दिया बड़ा बयान