April 2, 2026

बिहार के हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

बिहार के हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश...

चंडीगढ़/पटियाला, 2 अप्रैल : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के तहत चल रही मुहिम के दौरान पटियाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल से जुड़े चार आरोपियों को 10 आधुनिक सेल्फ-लोडिंग हथियारों सहित गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार (गांव जारंग दीह, मुजफ्फरपुर, बिहार), साजन (सोहाना, एसएएस नगर), अभिषेक उर्फ काका (गुरदीप कॉलोनी, अबलोवाल, पटियाला) और इंद्रजीत सिंह उर्फ रोहित (पुराना बिशन नगर, पटियाला) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 आधुनिक सेल्फ-लोडिंग हथियार बरामद किए हैं।

बिहार से होती थी हथियारों की सप्लाई

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिहार से देसी हथियार लाकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों के लिए सप्लाई करते थे। यह एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी गैंगवार से जुड़े हुए थे और इलाके में दबदबा कायम करने के लिए गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों नेटवर्क से जुड़े एक प्रतिद्वंद्वी अपराधी को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।

अवैध हथियार निर्माण इकाइयों से जुड़ा नेटवर्क

एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि बिहार निवासी सौरभ कुमार अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर टारगेट किलिंग और अन्य गंभीर अपराधों के लिए हथियार सप्लाई कर रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि सौरभ कुमार मुजफ्फरपुर (बिहार) की अवैध हथियार निर्माण इकाइयों से हथियार जुटाकर अलग-अलग माध्यमों से पंजाब में सप्लाई करता था। वहीं आरोपी अभिषेक सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के संपर्क में था और गैंगवार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

मामला दर्ज, जांच जारी

इस संबंध में पुलिस स्टेशन शंभू, पटियाला में एफआईआर नंबर 50 (दिनांक 1-4-2026) के तहत बीएनएस की धारा 111 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे और पीछे के लिंक खंगाल रही है।

यह भी देखें : चंडीगढ़ में BJP दफ्तर के बाहर ग्रेनेड हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े