March 25, 2026

ईरान में खून-खराबा: प्रदर्शनों के दौरान 5,000 से अधिक मौतों का दावा

ईरान में खून-खराबा: प्रदर्शनों के दौरान...

वॉशिंगटन, 24 जनवरी : अमेरिका स्थित प्रमुख मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट न्यूज़ एजेंसी (HRAANA) की एक चौंकाने वाली रिपोर्ट ने ईरान में हालिया देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा को लेकर वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनों के दौरान अब तक 5,000 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। HRAANA का कहना है कि मारे गए लोगों में बड़ी संख्या उन प्रदर्शनकारियों की है, जिन्हें सुरक्षा बलों ने सीधे निशाना बनाया। संगठन के अनुसार, ईरान में बीते कई वर्षों के सबसे बड़े विरोध प्रदर्शनों पर यह कार्रवाई की गई।

मौतों के आंकड़े और वर्गीकरण

रिपोर्ट में कुल 5,002 मौतों की पुष्टि की गई है, जिनमें 4,714 प्रदर्शनकारी, 42 नाबालिग, 207 सुरक्षा बलों के सदस्य, 39 राहगीर शामिल हैं। इसके अलावा, संगठन 9,787 अन्य संभावित मौतों की जांच अभी भी कर रहा है। मानवाधिकार संगठनों ने बताया कि पिछले दो हफ्तों से इंटरनेट बंद होने के कारण आंकड़ों की पुष्टि में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं। उनका मानना है कि अब तक सामने आए आंकड़े वास्तविक संख्या से कहीं कम हो सकते हैं।

गिरफ्तारियों का बड़ा आंकड़ा

HRAANA के मुताबिक, कम से कम 26,852 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और बढ़ गई है। ईरान के अधिकारियों ने पहली बार आधिकारिक आंकड़े जारी करते हुए कहा है कि 3,117 लोगों की मौत हुई है। सरकार ने अपने बयान में “शहीदों” (सुरक्षा बल या निर्दोष नागरिक) और अमेरिका समर्थित “दंगाइयों” के बीच अंतर करने की कोशिश की है।

25,000 तक पहुंच सकता है आंकड़ा: IHR

नॉर्वे स्थित संगठन ईरान ह्यूमन राइट्स (IHR) ने आशंका जताई है कि अंतिम मौतों की संख्या 25,000 तक पहुंच सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि यदि प्रदर्शनकारियों को फांसी दी गई तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। व्हाइट हाउस ने दावा किया कि अमेरिकी दबाव के चलते 800 फांसियों को रोका गया है।
हालांकि, ईरान के प्रॉसीक्यूटर जनरल मोहम्मद मोवाहेदी-आजाद ने इस दावे को पूरी तरह झूठा करार दिया है और कहा है कि न तो ऐसी कोई संख्या है और न ही न्यायपालिका ने ऐसा कोई फैसला लिया है।

यह भी देखें : खैबर पख्तूनख्वा में ब्लास्ट, शादी समारोह के दौरान आत्मघाती हमला