February 10, 2026

वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों में खुलेंगे ‘ब्लू क्रास’ स्टोर: गुरमीत सिंह खुडियां

वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों में खुलेंगे...

चंडीगढ़, 9 फरवरी : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ व किफ़ायती बनाने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसके तहत छह जिलों के वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों में ‘ब्लू क्रास’ वैटरनरी मेडिसिन स्टोर खोले जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी विकास मंत्री सरदार गुरमीत सिंह खुडियां ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों पर दवाओं के खर्च का बोझ कम करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ पशुपालन क्षेत्र को मजबूती देना है।

दवाओं पर मिलेगी भारी छूट

मंत्री ने बताया कि ‘ब्लू क्रास’ स्टोरों पर सभी जेनेरिक वैटरनरी दवाओं पर 30 प्रतिशत और ब्रांडेड दवाओं पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इससे गुणवत्ता से समझौता किए बिना पशुपालकों को सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि ये स्टोर गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब और अमृतसर जिलों में स्थित अत्याधुनिक वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों के भीतर स्थापित किए जा रहे हैं। इन पॉलीक्लीनिकों में पिछले वर्ष एडवांस्ड इंडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) सेवाएं भी शुरू की गई थीं।

पशुपालकों की आय और पशुधन सेहत को मिलेगा बढ़ावा

गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि पंजाब के किसान राज्य की खुशहाली की रीढ़ हैं और उनके पशुओं की सेहत सीधे तौर पर उनकी आय से जुड़ी हुई है। ‘ब्लू क्रास’ स्टोर पशुधन की बेहतर देखभाल सुनिश्चित कर किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि पॉलीक्लीनिकों के भीतर फार्मेसी सुविधा उपलब्ध होने से किसानों का समय बचेगा और जांच से लेकर उपचार व रिकवरी तक की प्रक्रिया अधिक सुचारू और प्रभावी होगी। इससे पशुधन की उत्पादकता बढ़ेगी और डेयरी व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

सरकार की प्रतिबद्धता

इस मौके पर पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि व्यवस्था को मजबूत करने और पशुपालन वैल्यू चेन से जुड़े सभी हितधारकों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसी पहलें पंजाब को पशुधन कल्याण और ग्रामीण विकास में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करेंगी।

यह भी देखें : बाजवा की टिप्पणी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने घेरा विधायक का हॉस्टल