February 6, 2026

इस्लामाबाद में शिया मस्जिद में धमाका, 69 की मौत; 169 से अधिक घायल

इस्लामाबाद में शिया मस्जिद में...

इस्लामाबाद, 6 फरवरी : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक इमामबाड़े में भीषण विस्फोट हुआ है। रिपोर्टों के अनुसार इस हमले में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 169 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक आंकड़ों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। संघीय राजधानी के शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़े में यह जोरदार धमाका हुआ। घटना के बाद इस्लामाबाद के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि कई लोगों के शरीर के अंग क्षत-विक्षत हो गए। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में शवों के ढेर दिखाई दे रहे हैं।

शुक्रवार की नमाज़ के दौरान आत्मघाती हमला

इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में यह आत्मघाती हमला शुक्रवार की नमाज़ के दौरान किया गया। पुलिस और रेस्क्यू 1122 की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, PIMS के कार्यकारी निदेशक के निर्देश पर अस्पताल में आपात स्थिति घोषित की गई है।

गौरतलब है कि 11 नवंबर 2025 को भी इस्लामाबाद के जी-11 इलाके में जिला एवं सत्र न्यायालय की इमारत के बाहर आत्मघाती बम धमाका हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। तीन महीनों के भीतर राजधानी में यह दूसरा बड़ा बम धमाका है।

प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने जताया शोक

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में हुए धमाके की कड़ी निंदा की है और घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। घटनास्थल से सामने आए वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि विस्फोट से मस्जिद के गेट को भारी नुकसान पहुंचा है और आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गई हैं। धमाके के बाद सड़क पर मलबा बिखरा हुआ नजर आया।