February 4, 2026

बार्डर-2 ने पहले ही दिन तोड़ा धुरंधर का रिकार्ड, दर्शकों में उत्साह

बार्डर-2 ने पहले ही दिन तोड़ा धुरंधर का...

नई दिल्ली, 24 जनवरी : इसमें कोई दो राय नहीं कि बॉर्डर 2 (Border 2) साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। ऐसे में फिल्म का रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन करना तय माना जा रहा था। 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने दर्शकों और समीक्षकों—दोनों को अपना दीवाना बना लिया है।

29 साल बाद फिर जिंदा हुआ ‘बॉर्डर’ का क्रेज

1997 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर को देखने के लिए कभी सिनेमाघरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगती थीं। आज भले ही टिकट बुकिंग ऑनलाइन हो गई हो, लेकिन बॉर्डर 2 ने यह साबित कर दिया है कि इसका क्रेज आज भी वैसा ही बरकरार है। निर्देशक अनुराग सिंह की इस फिल्म ने 29 साल पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है।

बॉर्डर 2 ने ओपनिंग डे पर जबरदस्त कमाई करते हुए फिल्म धुरंधर (Dhurandhar) का रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया है। 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई धुरंधर ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 28 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि बॉर्डर 2 ने इससे कहीं ज्यादा कारोबार कर नया बेंचमार्क सेट कर दिया है।

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: शानदार शुरुआत

सैकनिल्क (Sacnilk) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, सनी देओल स्टारर बॉर्डर 2 ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की है। हैरानी की बात यह है कि फिल्म ने पहले ही दिन 1997 की बॉर्डर की लाइफटाइम कमाई (39 करोड़ रुपये) का आधे से ज्यादा हिस्सा कमा लिया है। शुक्रवार की मजबूत ओपनिंग के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि वीकेंड पर फिल्म और भी बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।

बॉर्डर 2 की कहानी 1971 की भारत-पाकिस्तान जंग पर आधारित है। इस बार फिल्म में सिर्फ थल सेना ही नहीं, बल्कि नौसेना और वायुसेना के शहीदों की वीरता को भी प्रमुखता से दिखाया गया है।

यह भी देखें : भारत में रहते हुए शेख हसीना का बड़ा बयान, बांग्लादेश ‘अस्तित्व की लड़ाई’ में