टोरांटो, 27 जनवरी : कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी मार्च के पहले सप्ताह में भारत का दौरा करने की तैयारी में हैं। इस दौरान भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी और विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रधानमंत्री कार्नी की भारत यात्रा के दौरान यूरेनियम, ऊर्जा, खनिज संसाधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौते होने की संभावना है।
ऊर्जा मंत्री का भारत दौरा, तारीख तय नहीं
कनाडा में भारत के हाई कमिश्नर दिनेश पतनायक ने एक इंटरव्यू में बताया कि कनाडा के ऊर्जा मंत्री टिम हॉजसन इस सप्ताह भारत का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री कार्नी भारत आएंगे, हालांकि अभी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं हुई है। हॉजसन ने कहा कि पहले तैयारियों और कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा, उसके बाद ही प्रधानमंत्री के दौरे की तारीख घोषित की जाएगी।
‘ग्लोब एंड मेल’ ने रॉयटर्स के हवाले से बताया है कि भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को लेकर औपचारिक बातचीत मार्च में शुरू होगी। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने पहले कहा था कि दो वर्षों के तनावपूर्ण संबंधों के बाद अब दोनों देश व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए तेजी से काम करेंगे।
G20 शिखर सम्मेलन में हुई थी अहम मुलाकात
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका में हुए G20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक में दोनों नेताओं ने नए व्यापार समझौते पर बातचीत फिर से शुरू करने पर सहमति जताई थी।
गैर-अमेरिकी व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य
अनीता आनंद ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्नी का लक्ष्य अगले दशक में गैर-अमेरिकी व्यापार को दोगुना करना है। गौरतलब है कि कनाडा की अर्थव्यवस्था काफी हद तक व्यापार पर निर्भर है और उसकी 75 प्रतिशत से अधिक निर्यात अमेरिका को जाती है।
यह भी देखें : संयुक्त राष्ट्र में भारत : आतंकवाद को नीति के रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता

More Stories
ग्रीस के एजीयन सागर में नाव हादसा, 14 की मौत
कनाडा में फिरौती हिंसा पर बवाल, हथियार लाइसेंस देने की मांग से छिड़ा विवाद
तनाव के बीच अमेरिका-ईरान शुक्रवार को करेंगे परमाणु वार्ता