इंदौर, 10 फरवरी : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OMS) प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था आगामी सेमेस्टर से बोर्ड परीक्षाओं में लागू की जाएगी।
बोर्ड द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, कक्षा 10वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन फिलहाल पारंपरिक भौतिक (ऑफलाइन) पद्धति से ही किया जाएगा। कक्षा 12वीं के लिए डिजिटल मूल्यांकन का उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज़, पारदर्शी और त्रुटि-मुक्त बनाना है।
नई तकनीक, नई चुनौतियाँ
शिक्षा विशेषज्ञ योगेंद्र दुबे (सरदार पटेल स्कूल, इंदौर) के अनुसार, डिजिटल मूल्यांकन से पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्य में तेजी आएगी, लेकिन प्रारंभिक चरण में शिक्षकों को तकनीक के अनुरूप ढलने में समय लग सकता है। धुंधली स्कैन की गई छवियाँ, एप्लिकेशन से जुड़ी त्रुटियाँ, इनपुट डिवाइस की खराबी और स्क्रीन पर लंबे समय तक काम करने की आदत डालना शुरुआती चुनौतियाँ हो सकती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए बोर्ड द्वारा प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता की व्यवस्था की गई है।
नए नियमों से मूल्यांकन होगा अधिक सटीक
CBSE ने हाल ही में कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के प्रारूप में भी बदलाव किया है। विज्ञान विषय की उत्तर पुस्तिकाओं को अब विषयवार भागों में विभाजित किया गया है—
भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के लिए अलग-अलग सेक्शन होंगे।
विद्यार्थियों को प्रत्येक उत्तर संबंधित सेक्शन में ही लिखना अनिवार्य होगा। किसी अन्य सेक्शन में लिखे गए उत्तरों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। यह बदलाव डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक सटीक, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

More Stories
अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का जवाब
हांगकांग एयरपोर्ट पर लगी आग, टर्मिनल 1 में मची अफरा-तफरी
ई.पी.एफ.ओ. ला रही यू.पी.आई. एप, पैसा निकालना होगा ओर आसान