March 25, 2026

मेरिटोरियस स्कूल में खाना खाने के बाद बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती

मेरिटोरियस स्कूल में खाना खाने के बाद...

चंडीगढ़/गुरदासपुर, 2 फरवरी : गुरदासपुर स्थित मेरिटोरियस स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की तबीयत रविवार रात अचानक बिगड़ गई। रात का खाना खाने के बाद करीब 8 से 10 विद्यार्थी बीमार हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में भर्ती कराया गया है।

पेट दर्द और उल्टियों की शिकायत

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 बजे हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को अचानक तेज पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। बच्चों की हालत बिगड़ते देख स्कूल स्टाफ ने तुरंत उन्हें नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सभी छात्रों के मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। बीमारी का वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

खाने की गुणवत्ता पर उठे सवाल

घटना के बाद माता-पिता ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है।
माता-पिता ने दावा किया कि वे पहले भी कई बार खाने की खराब गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और स्कूल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने का कारण फूड प्वाइजनिंग है या कोई अन्य वजह।

यह भी देखें : चंडीगढ़ बजट में कटौती पर मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार