February 26, 2026

पंजाब में चिट्टा और गैंगस्टरवाद अकाली दल की देन: बलतेज पन्नू

चिट्टा और गैंगस्टरवाद अकाली दल...

चंडीगढ़, 26 फरवरी : आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के उस बयान पर तीखा हमला बोला है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार आने पर पहली बैठक में ड्रग तस्करों और गैंगस्टरों को ‘आतंकवादी’ घोषित किया जाएगा। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पन्नू ने कहा कि चिट्टा और गैंगस्टरवाद अकाली-भाजपा सरकार (2007-2017) की ही देन है और उस दौर को पंजाब की जनता भूली नहीं है।

“2007-17 के दौरान तस्करों को संरक्षण किसने दिया?”

पन्नू ने सवाल उठाया कि 2007 से 2017 के बीच चिट्टा तस्करों को सरकारी गाड़ियां और पुलिस संरक्षण किसने दिया? उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली शासन में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिला और उसी दौरान पंजाब में गैंगस्टर संस्कृति पनपी। उन्होंने कहा कि 2007 से पहले पंजाब में ‘गैंगस्टर’ शब्द आम नहीं था, लेकिन अकाली राज में अपराधी खुलेआम हूटर लगी महंगी गाड़ियों में घूमते थे और बाद में वही गैंगस्टर बने।

नशे के बढ़ते कारोबार पर सवाल

पन्नू ने आरोप लगाया कि 2007-2012 के दौरान नशे की दुकानें खुलीं और 2012 में सरकार दोबारा बनने के बाद चिट्टा अपने चरम पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पुलिस जब तस्करों को पकड़ती थी तो थोड़ी देर में ही अकाली नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें सामने आ जाती थीं और उन्हें छुड़ाने के लिए सिफारिशें पहुंच जाती थीं। “आज वही लोग पहली मीटिंग में कार्रवाई की बात कर रहे हैं, यह पंजाबियों के साथ भद्दा मजाक है,” पन्नू ने कहा।

कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी का मुद्दा

पन्नू ने कहा कि अकाली शासनकाल में बरगाड़ी और बुर्ज जवाहर सिंह वाला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाएं हुईं। उन्होंने सवाल किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलियां किसने चलवाईं? उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल कोटकपूरा गोलीकांड मामले में जमानत पर बाहर हैं और ऐसे में कानून-व्यवस्था की बात करना उचित नहीं है।

पन्नू ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ईमानदारी से नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान चला रही है। गांव स्तर तक समितियां बनाई गई हैं और पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुखबीर बादल को फिर से सत्ता की भूख सता रही है ताकि वे दोबारा नशे का साम्राज्य खड़ा कर सकें।

“पंजाब की जनता सब जानती है”

बलतेज पन्नू ने कहा कि सुखबीर बादल अगली रैली में यह बताएं कि 10 साल के शासन में उन्होंने क्या किया। उन्होंने कहा, “पंजाब की जनता की याददाश्त कमजोर नहीं है। वह अपने युवाओं की बर्बादी और खून को नहीं भूली है। अब पंजाब आपकी असलियत पहचान चुका है।

यह भी देखें : 5,358 लाभार्थियों को 395 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी : गुरमीत खुड्डियां