चंडीगढ़, 14 फरवरी : भारतीय जनता पार्टी के मुख्य कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह बराड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि वही देश तरक्की करते हैं जिनका कच्चा माल और तैयार उत्पाद दूसरे देशों में बिकता है। उन्होंने कहा कि निर्यात बढ़ने से फैक्ट्रियां लगती हैं और इससे युवाओं को रोजगार मिलता है। उन्होंने विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब और देश के किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया गया है।
कृषि फसलों पर कोई छूट नहीं, उल्टा निर्यात को बढ़ावा
बराड़ ने स्पष्ट किया कि भारत ने अमेरिका को गेहूं, चावल, जौ, मक्का, सोयाबीन, बाजरा, ओट्स, मैदा, आटा, एथेनॉल, कपास, चने, मूंग जैसी फसलों पर कोई छूट नहीं दी है।इसके विपरीत, इन फसलों और इनके प्रोसेस्ड उत्पादों को 0% टैरिफ पर अमेरिका भेजा जा सकेगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ होगा।
सब्जियों और डेयरी उत्पादों पर भी भारत की सख्त नीति
उन्होंने बताया कि प्याज, आलू, मटर, बीन्स, मशरूम, तोरी, कद्दू, खीरा, हरी मिर्च, भिंडी सहित अन्य सब्जियों को भारत में आयात की अनुमति नहीं दी गई है। इसी प्रकार दूध और दुग्ध उत्पाद जैसे पनीर, क्रीम, मक्खन, घी, दूध पाउडर आदि के आयात पर भी कोई छूट नहीं दी गई। इसके उलट, भारतीय डेयरी और सब्जी उत्पाद 0% टैरिफ पर अमेरिका निर्यात किए जा सकेंगे।
मसालों और फलों को भी निर्यात में राहत
काली मिर्च, लौंग, इलायची, धनिया, जीरा, हींग, अदरक, हल्दी, अजवाइन, सौंफ, मेथी, सरसों, चाय और कॉफी जैसे मसालों पर भारत ने कोई छूट नहीं दी है। वहीं आम, केला, अमरूद, अनानास, नारियल, काजू, संतरा, कीनू, नींबू, अंगूर, चेरी, खजूर आदि फलों के आयात में भी कोई रियायत नहीं दी गई है। बराड़ ने कहा कि इन उत्पादों को प्रोसेस कर 0% टैरिफ पर अमेरिका भेजा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि पशु और मुर्गी चारे के लिए 5 करोड़ टन आयात में से केवल 1% यानी 5 लाख टन का कोटा अमेरिका से तय किया गया है।
पंजाब के उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
बराड़ ने कहा कि इस नीति से कृषि के साथ-साथ कपास, कपड़ा उद्योग, लेदर उद्योग, खिलौना उद्योग, ऑटो पार्ट्स और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के कारोबार में बड़ा उछाल आएगा। उन्होंने बताया कि चीन पर 35%, वियतनाम पर 20%, बांग्लादेश पर 20% और इंडोनेशिया पर 19% टैरिफ है, जबकि भारत पर केवल 18% टैरिफ है, जिससे भारत को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।
अंत में बराड़ ने कहा कि तय कोटा पहले से आयात हो रहे उत्पादों के भीतर ही है और इससे भारतीय किसानों को नुकसान नहीं बल्कि फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि 0% टैरिफ पर निर्यात बढ़ने से पंजाब और देश के किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
यह भी देखें : होले मोहल्ले की तैयारियां तेज, लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यापक प्रबंध

More Stories
180 ईटीटी शिक्षक एसोसिएशन के मुद्दों के समाधान में तेजी: मान सरकार
‘आप’ पंजाब में सरकार चलाने और वादे निभाने में नाकाम : मजीठिया
गुरुओं पर टिप्पणी मामला : पंजाब सरकार ने दिल्ली विधानसभा को स्पष्टीकरण नहीं भेजा