March 15, 2026

LPG संकट से राहत की ओर बढ़ा देश, कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शुरू

LPG संकट से राहत की ओर बढ़ा देश...

नई दिल्ली, 15 मार्च : सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि युद्ध जैसी स्थिति के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। हालांकि LPG सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर कुछ दबाव जरूर बना हुआ है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ईंधन की जमाखोरी न करें।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई शुरू कर दी गई है। घरेलू उपभोक्ताओं को ‘पैनिक बुकिंग’ यानी डर के कारण अतिरिक्त बुकिंग से बचने की सलाह दी गई है।

PNG कनेक्शन वालों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर

LPG की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने नए नियम लागू किए हैं। इनके अनुसार जिन उपभोक्ताओं के घरों में पाइप के जरिए प्राकृतिक गैस (PNG) का कनेक्शन है, वे अब LPG सिलेंडर नहीं रख सकेंगे और न ही नया सिलेंडर रिफिल करवा सकेंगे। तेल कंपनियों को भी ऐसे उपभोक्ताओं को रिफिल देने से मना कर दिया गया है।

PNG पर शिफ्ट होने की अपील

सरकार ने लोगों से LPG की जगह PNG का उपयोग करने की अपील की है। देश में करीब 33 करोड़ LPG उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 60 लाख उपभोक्ता तुरंत PNG पर शिफ्ट हो सकते हैं। इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए GAIL India Limited को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए महाराष्ट्र, गोवा, बिहार, ओडिशा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में 1400 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई है। साथ ही हर जिले में LPG सप्लाई की निगरानी के लिए विशेष समितियां भी बनाई गई हैं।

बुकिंग और सप्लाई के आंकड़े

आम दिनों में रोजाना लगभग 50 से 55 लाख LPG सिलेंडर बुक होते हैं, लेकिन शनिवार को यह संख्या बढ़कर 88 लाख तक पहुंच गई। बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने सप्लाई बढ़ाकर 62 लाख सिलेंडर प्रतिदिन कर दी है।नए नियमों के अनुसार शहरों में 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद ही नया सिलेंडर बुक किया जा सकेगा।

होरमुज जलमार्ग से सुरक्षित निकले भारतीय जहाज

खाड़ी देशों से LPG लेकर आ रहे दो भारतीय जहाज INS Shivalik और INS Nanda Devi युद्ध प्रभावित Strait of Hormuz से सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। ये जहाज लगभग 92,700 टन LPG लेकर आ रहे हैं और 16–17 मार्च तक गुजरात के Mundra Port और Kandla Port बंदरगाहों पर पहुंचने की संभावना है।

यह भी देखें : वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर: कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट