February 5, 2026

जिला परिषद् व समिति चुनाव : कड़ी सुरक्षा में हो रही वोटों की गिनती

जिला परिषद् व समिति चुनाव : कड़ी ...

चंडीगढ़, 17 दिसम्बर : पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए मतगणना बुधवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। 141 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की मौजूदगी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना जारी है। राज्य भर में स्थापित 154 मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। दोपहर तक स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

गौरतलब है कि पंचायत निकायों के लिए मतदान 14 दिसंबर को हुआ था। इन चुनावों में नौ हजार से अधिक उम्मीदवारों पर आज फैसला लिया जाएगा। मतगणना के लिए चुनाव आयोग ने 10,500 कर्मचारियों को तैनात किया है। इन पंचायत निकायों के चुनावों के परिणाम ग्रामीण पंजाब में राजनीतिक दलों की पकड़ का आकलन करेंगे। राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को मतगणना की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश दिए।

141 स्थानों पर मतगणना की व्यवस्था

राज्य चुनाव आयोग ने राज्य में 141 स्थानों पर मतगणना की व्यवस्था की है। कुल 154 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। चुनाव आयोग के आदेश पर मंगलवार को पांच गांवों के 16 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया गया।

जिला परिषद के 347 जोन में कुल 1249 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा और पंचायत समिति के 2838 जोन में 8098 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। गुरदासपुर और जालंधर में 11-11 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि अमृतसर और संगरूर में 10-10 मतगणना केंद्र हैं। जिला परिषद के 15 और पंचायत समिति के 181 उम्मीदवारों को निर्विरोध विजेता घोषित किया जा चुका है।