नई दिल्ली, 13 मार्च : देश में गैस संकट की आशंकाओं के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने लोगों से घबराहट में LPG सिलेंडर बुकिंग न करने की अपील की है। मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर किसी तरह की कमी नहीं है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।
पेट्रोल-डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर भारत
सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत के पास 258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता है। देश पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है, इसलिए इन ईंधनों को आयात करने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि इस समय देश की सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं, जिससे ईंधन की सप्लाई सामान्य बनी हुई है।
सरकार के अनुसार देश की रिफाइनरियों के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और इसकी आपूर्ति भी लगातार जारी है। ऐसे में ईंधन की कमी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
PNG और CNG की सप्लाई सामान्य
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू उपभोक्ताओं को PNG और CNG की आपूर्ति बिना किसी कटौती के जारी है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि गैस सप्लाई पूरी तरह स्थिर है और लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
लोगों से संयम रखने की अपील
सरकार ने राज्य सरकारों से भी अपील की है कि वे प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि कमर्शियल गैस सिलेंडर सही उपभोक्ताओं तक समय पर पहुंच सकें।सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से LPG सिलेंडर की बुकिंग न करें। अधिकारियों के अनुसार देश में गैस और ईंधन की सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में है।

More Stories
अमेरिकी मेडटेक कंपनी पर साइबर हमला, ईरान से जुड़े हैकर ने डिवाइस किए ठप
पेट्रोल के बाद अब दवाइयों का संकट! पाकिस्तान में सिर्फ 45 दिन का स्टॉक बचा
मेहनत की मिसाल बनी प्रिया: 1 किलो मशरूम से शुरू किया कारोबार