February 4, 2026

सिर दर्द को मामली समझने की न करें गलती, ये ट्यूमर या स्ट्रोक भी हो सकता है

सिर दर्द को मामली समझने की न करें गलती...

नई दिल्ली, 31 जनवरी : आपने अक्सर कई लोगों को सिरदर्द होने पर यह कहते सुना होगा कि उन्हें माइग्रेन हो रहा है। जबकि माइग्रेन का दर्द आमतौर पर सिर के एक तरफ होता है और इसमें तेज धड़कन (पल्सिंग) महसूस होती है। इस दौरान रोशनी और आवाज़ से परेशानी होती है और लक्षण बढ़ने पर मतली या उल्टी भी हो सकती है। माइग्रेन से पीड़ित लोग भी कई बार इससे जुड़े कुछ भ्रम (मिथक) सच मान लेते हैं। इस लेख में हम ऐसे ही कुछ आम मिथकों पर चर्चा कर रहे हैं।

हर सिरदर्द माइग्रेन नहीं होता

दोनों एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन सिरदर्द की लगभग 150 किस्में होती हैं और माइग्रेन उनमें से केवल एक है। यह एक न्यूरोलॉजिकल समस्या है, जिसमें दर्द कुछ घंटों से लेकर कई दिनों तक बना रह सकता है। तेज सिरदर्द से माइग्रेन की पहचान होती है, लेकिन इसके साथ कुछ लोगों को मतली, रोशनी और आवाज़ से दिक्कत, देखने में परेशानी, थकान, नींद न आना या शरीर में सुन्नपन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

सभी माइग्रेन एक जैसे नहीं होते

माइग्रेन के कई लक्षण हो सकते हैं, इसलिए दो लोगों में इसके लक्षण एक जैसे हों, यह जरूरी नहीं। माइग्रेन में एक बात समान होती है कि इसके दौरान पढ़ना, स्क्रीन देखना या किसी से बात करना बहुत मुश्किल हो जाता है।

क्या यह सिर्फ महिलाओं को होता है?

महिलाओं में माइग्रेन की दर अधिक होती है क्योंकि प्राकृतिक हार्मोन चक्र उनमें एक ‘ट्रिगर’ का काम करता है। इसी कारण माहवारी के दौरान महिलाओं में माइग्रेन के एपिसोड ज्यादा देखे जाते हैं। हालांकि, पुरुषों को भी माइग्रेन हो सकता है।

क्या यह सिर्फ बड़ों को होता है?

जिस तरह माइग्रेन किसी भी जेंडर को हो सकता है, उसी तरह इसकी कोई उम्र सीमा नहीं होती। बच्चे भी माइग्रेन से प्रभावित हो सकते हैं, हालांकि उनमें इसके लक्षण आमतौर पर हल्के होते हैं।

क्या माइग्रेन का कोई इलाज नहीं है?

कई लोग यह मान लेते हैं कि उन्हें पूरी जिंदगी इसके साथ ही जीना पड़ेगा। जबकि माइग्रेन के लक्षणों को कम करने या नियंत्रित करने के लिए प्रिवेंटिव (रोकथाम वाली) दवाइयां उपलब्ध हैं। दर्द की तीव्रता कम करने के लिए डॉक्टर की सलाह से दवाएं ली जा सकती हैं।

यह भी देखें : रसोई में इन 3 चीज़ों को कभी न होने दें खत्म, वरना रुक सकती है बरकत