रोम, 1 मार्च : इटली एक ओर गिरती जन्मदर की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर बच्चों के लापता होने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। पूरे यूरोप में सबसे कम जन्मदर इटली में दर्ज की जा रही है, जो सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी बीच नाबालिगों के गायब होने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
2021-23 के बीच 51 हजार से अधिक बच्चे लापता
रिपोर्टों के अनुसार वर्ष 2021 से 2023 के बीच पूरे यूरोप में 51,000 से अधिक अकेले (Unaccompanied) बच्चे लापता हुए, जिनमें सबसे अधिक मामले इटली से जुड़े बताए जा रहे हैं। इन लापता बच्चों में अधिकांश विदेशी नागरिक हैं। साल 2024 के पहले छह महीनों में ही 11,694 से अधिक बच्चों के लापता होने के मामले दर्ज किए गए। इनमें लगभग 70 प्रतिशत (करीब 8,143) किशोर 16-17 वर्ष आयु वर्ग के बताए गए हैं। लापता बच्चों में 58 प्रतिशत लड़कियां हैं, जबकि लगभग 13 प्रतिशत बच्चे 0-10 वर्ष आयु वर्ग के हैं।
भूमध्य सागर में 3,500 बच्चों की मौत
पिछले एक दशक में बेहतर भविष्य की तलाश में भूमध्य सागर पार करने की कोशिश में 3,500 से अधिक बच्चों की जान जा चुकी है। यह आंकड़ा यूरोप में शरण और प्रवासन संकट की गंभीरता को दर्शाता है। दुनिया भर में संयुक्त राज्य अमेरिका में सबसे अधिक बच्चों के लापता होने के मामले दर्ज होते हैं, जिनकी संख्या करीब 4,60,000 बताई जाती है। यूरोप में जर्मनी में भी हर साल हजारों मामले सामने आते हैं। स्पेन में सालाना लगभग 20,000 बच्चे लापता होते हैं, जबकि कनाडा में यह आंकड़ा करीब 45,288 है।
अपहरण की घटनाओं में भी बढ़ोतरी
इटली के लोम्बार्दिया और कंपानिया क्षेत्रों में बच्चों के अपहरण की हालिया दो घटनाओं में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं लाज़ियो प्रांत के लातीना जिले में भी ऐसी खबरों से अभिभावकों में दहशत का माहौल है।
भारतीय समुदाय को सतर्क रहने की अपील
इटली में रह रहे भारतीय समुदाय से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए सरकार, सामाजिक संगठनों और समुदायों को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे।
यह भी देखें : अली ख़ामेनेई के परिवार के मारे जाने की खबर, ईरान की सड़कों पर जश्न

More Stories
अली ख़ामेनेई के परिवार के मारे जाने की खबर, ईरान की सड़कों पर जश्न
अयातुल्ला अली ख़ामेनेई की हवाई हमले में मौत, मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव
ईरान पर इजराइल ने शुरु किए ताबड़तोड़ हमले