February 25, 2026

डा. बलबीर सिंह ने पदोन्नत एसएमओज़ के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया

डा. बलबीर सिंह ने पदोन्नत एसएमओज़ के...

चंडीगढ़, 25 फरवरी : डा. बलबीर सिंह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, पंजाब ने आज नए पदोन्नत सीनियर मेडिकल अधिकारियों (SMO) के लिए दो दिवसीय व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने जिला और ब्लॉक स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में SMO की अहम भूमिका पर जोर दिया। डॉ. बलबीर सिंह ने अधिकारियों को पदोन्नति की बधाई देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनकी प्रशासनिक, प्रबंधकीय और कार्यक्रम क्रियान्वयन क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं की सफलता जमीनी स्तर पर अधिकारियों के नेतृत्व और निगरानी पर निर्भर करती है।

मुख्यमंत्री सेहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

मंत्री ने मुख्य मंत्री सेहत योजना (MMSY) के अंतर्गत लाभार्थियों का 100 प्रतिशत नामांकन और समय पर कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत उपलब्ध फंड का उपयोग स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए। डॉ. बलबीर सिंह ने आम आदमी क्लीनिकों में दवाओं और डायग्नोस्टिक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा छुड़ाओ सेवाओं और ओट क्लीनिकों की निगरानी मजबूत करने पर भी बल दिया।

मुफ्त दवा और एनसीडी स्क्रीनिंग कार्यक्रम

स्वास्थ्य मंत्री ने आवश्यक दवाओं की 100 प्रतिशत उपलब्धता और पारदर्शी स्टॉक प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए हाईपरटेंशन, डायबिटीज और कैंसर की एनसीडी स्क्रीनिंग तथा 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान के तहत सख्त निगरानी करने के निर्देश दिए।

सेवा भावना और नैतिकता का संदेश

अपने चिकित्सकीय जीवन का अनुभव साझा करते हुए मंत्री ने कहा कि डॉक्टरों को सेवा भावना, नैतिकता और सहानुभूति के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ, नशा मुक्त और सशक्त पंजाब के निर्माण के लिए पूर्ण समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर Hitinder Kaur, निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और Aditi Salaria, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (परिवार कल्याण) ने भी नवपदोन्नत अधिकारियों को कुशल और प्रभावी सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी (प्रशिक्षण) डॉ. परविंदर कौर सहित अन्य राज्य कार्यक्रम अधिकारी विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण देंगे।