February 25, 2026

इंग्लैंड दौरा खत्म, अब किस सीरीज में खेलती नजर आएगी टीम इंडिया?

इंग्लैंड दौरा खत्म, अब किस सीरीज में...

नई दिल्ली/लंदन, 5 अगस्त : भारत ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ संपन्न पाँच टेस्ट मैचों की सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ कराकर यादगार प्रदर्शन किया। ओवल टेस्ट में 6 रनों की रोमांचक जीत ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को उत्साहित कर दिया है, लेकिन अब सवाल यह है कि टीम इंडिया अगली बार मैदान पर कब नज़र आएगी? भारतीय प्रशंसकों को अपनी पसंदीदा टीम को फिर से एक्शन में देखने के लिए थोड़ा और इंतज़ार करना होगा, क्योंकि भारतीय टीम अगस्त 2025 में कोई सीरीज़ नहीं खेलने वाली है।

टीम इंडिया मैदान पर कब वापसी करेगी?

दरअसल, भारत को अगस्त में बांग्लादेश का दौरा करना था, लेकिन बीसीसीआई ने इस सीरीज़ को एक साल के लिए टाल दिया। इसके अलावा, श्रीलंका के साथ संभावित सीरीज़ की भी बात चल रही थी, लेकिन यह योजना भी अंतिम रूप नहीं ले पाई। जिसके चलते, भारतीय क्रिकेट टीम अब सीधे सितंबर में मैदान पर उतरेगी। यानी टीम इंडिया अब 1 महीने से ज़्यादा के ब्रेक पर है।

टीम इंडिया का अगला पड़ाव यूएई होगा, जहाँ एशिया कप 2025 का आयोजन होना है। यह टूर्नामेंट भारतीय प्रशंसकों के लिए उत्साह का एक नया मौका लेकर आएगा। भारत 10 सितंबर से अपने एशिया कप अभियान की शुरुआत करेगा और अपना पहला मैच मेज़बान यूएई के खिलाफ खेलेगा। एशिया कप में भारत का सामना एशियाई क्रिकेट की दिग्गज टीमों से होगा और यह टूर्नामेंट भारतीय टीम के लिए एक बार फिर अपनी क्षमता साबित करने का एक बेहतरीन मंच होगा। सितंबर में होने वाला यह टूर्नामेंट निश्चित रूप से क्रिकेट प्रशंसकों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर होगा।

एशिया कप के लिए भारत का कार्यक्रम

एशिया कप में भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं। ऐसे में टीम इंडिया को यूएई के बाद पाकिस्तान से भिड़ना है। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच रविवार (14 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। फिर टीम इंडिया 19 सितंबर को ओमान से भिड़ेगी। इसके बाद सुपर-4 के मुकाबले होंगे। ऐसे में भारत और पाकिस्तान 21 सितंबर को सुपर 4 के मुकाबले में एक बार फिर आमने-सामने हो सकते हैं।