February 20, 2026

लाल किले के पास फर्जी NIA अधिकारी गिरफ्तार

लाल किले के पास फर्जी NIA...

नई दिल्ली, 19 फरवरी : दिल्ली पुलिस ने लाल किला के पास से जम्मू-कश्मीर के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर खुद को केंद्रीय एजेंसी का अधिकारी बताकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से ठगी कर रहा था। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान मुदस्सर के रूप में हुई है, जो पुलवामा का रहने वाला है। उसे कोतवाली थाना पुलिस टीम ने गश्त के दौरान रोका। पुलिस के अनुसार, लाल किले के पीछे ‘दिल्ली चलो पार्क’ के पास जम्मू-कश्मीर नंबर की एक काले रंग की हुंडई सेंट्रो कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली, जिसमें मुदस्सर और एक नाबालिग सवार थे।

फर्जी पहचान पत्र दिखाकर करता था ठगी

पूछताछ के दौरान मुदस्सर ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का कथित पहचान पत्र दिखाया, जो प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगा। इसके बाद दोनों को विस्तृत पूछताछ के लिए थाने लाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी जम्मू-कश्मीर के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पैसे लेकर दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा देता था।

पुलिस के मुताबिक, उसने नाबालिग के परिवार से नौकरी दिलाने के नाम पर अग्रिम रकम ली थी और 12 फरवरी को कश्मीर से रवाना होकर 13 फरवरी की रात दिल्ली पहुंचा। वे जामा मस्जिद इलाके के एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।

केंद्रीय एजेंसियों से पुष्टि, मामला दर्ज

आरोपी ने दावा किया कि उसने नाबालिग के लिए नौकरी का इंतजाम करने के लिए कुछ लोगों से संपर्क किया था, लेकिन वह कोई दस्तावेजी प्रमाण पेश नहीं कर सका। स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस ब्यूरो और संबंधित केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त पूछताछ में पुष्टि हुई कि पहचान पत्र फर्जी था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

यह भी देखें : एंट्री फीस में भारी बढ़ोतरी से पंजाबियों के लिए हिमाचल जाना हुआ महंगा