March 29, 2026

ट्यूबवेल के कमरे में मिले लड़का-लड़की को परिवार ने पकड़कर पीटा

ट्यूबवेल के कमरे में मिले लड़का-लड़की...

नई दिल्ली, 29 मार्च : संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग का मामला उस समय विवाद में बदल गया, जब जंगल में मिल रहे नाबालिग लड़का-लड़की को परिजनों ने पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

बताया जा रहा है कि गांव के एक छात्र का उसी गांव की एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था और दोनों चोरी-छिपे मिलते थे। शनिवार को लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे, तभी वह खेत में बने ट्यूबवेल पर मिलने पहुंची। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि परिजनों ने दोनों की पिटाई की और उन्हें घर लाकर अलग-अलग कमरों में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलते ही लड़के के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे छोड़ने की मांग की। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।लड़के के परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अपने साथ ले गए। इस दौरान हुई मारपीट में एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर डायल 112 और पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जतींद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।