January 8, 2026

दीपिका पादुकोण के नक्शे-कदम पर टाइगर, अर्जुन की एक्शन फिल्म में एंट्री

दीपिका पादुकोण के नक्शे-कदम पर...

नई दिल्ली, 7 जनवरी : साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म ‘AA22 x A6’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म में पहले ही दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना और मृणाल ठाकुर जैसी बड़ी अभिनेत्रियों की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। अब इस मेगा प्रोजेक्ट से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

फिल्म में टाइगर श्रॉफ की धमाकेदार एंट्री

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ इस फिल्म में नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि टाइगर फिल्म में एक दमदार कैमियो रोल निभाएंगे, खासतौर पर हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस में। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस खबर पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है।

फिल्म को बेहद बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सिर्फ विजुअल इफेक्ट्स (VFX) पर ही करीब 350 से 400 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यही वजह है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल होने की ओर बढ़ रही है। ‘AA22 x A6’ के 2026 के अंत तक रिलीज होने की संभावना है।

अल्लू अर्जुन निभाएंगे डबल रोल

यह फिल्म अल्लू अर्जुन और मशहूर निर्देशक एटली (जिन्होंने ‘जवान’ जैसी ब्लॉकबस्टर दी है) का पहला कोलैबोरेशन है। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि फिल्म में दो हीरो होंगे, लेकिन अब साफ कर दिया गया है कि अल्लू अर्जुन खुद ही डबल रोल में नजर आएंगे। इससे फिल्म की कहानी और भी रोमांचक होने वाली है।

एक से बढ़कर एक सितारों और जबरदस्त एक्शन के साथ ‘AA22 x A6’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं।