चंडीगढ़/होशियारपुर, 23 जनवरी : गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए होशियारपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस (CI) जालंधर के साथ संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान चार आतंकियों को आरडीएक्स-आधारित आईईडी और दो पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया।
यह जानकारी आज पंजाब के पुलिस महानिदेशक डीजीपी गौरव यादव ने साझा की। उन्होंने बताया कि बरामद किया गया लगभग 2.5 किलोग्राम वज़न का आईईडी आगामी गणतंत्र दिवस समारोहों को ध्यान में रखते हुए एक सुनियोजित आतंकी हमले के लिए तैयार किया गया था।
गणतंत्र दिवस को निशाना बनाने की थी साजिश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी उर्फ हरी, अजय उर्फ महिरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला के रूप में हुई है। ये सभी एसबीएस नगर जिले के राहों क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्तौल भी बरामद की हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आतंकी मॉड्यूल अमेरिका-आधारित बीकेआई हैंडलरों के निर्देशों पर संचालित किया जा रहा था। मामले के आगे-पीछे के सभी संबंधों को जोड़ने के लिए गहन जांच जारी है।
ऑपरेशन का विवरण देते हुए होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संदीप मलिक ने बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर होशियारपुर पुलिस और सीआई जालंधर की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई कर चारों संदिग्धों को गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि विदेश-आधारित बीकेआई हैंडलरों द्वारा गठित इस आतंकी मॉड्यूल को अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों से हथियारों की तस्करी के बाद उन्हें हासिल करने और लॉजिस्टिक्स प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इस संबंध में पुलिस थाना गढ़शंकर, जिला होशियारपुर में एफआईआर नंबर 11, दिनांक 23/01/2026 को बीएनएस की धाराएं 113(1), 113(3), आर्म्स एक्ट की धाराएं 25, 25(1बी)(ए) तथा भारतीय विस्फोटक अधिनियम की धाराएं 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।

More Stories
यौन अपराध मामलों में देरी पर सख्त हुआ गृह मंत्रालय
केजरीवाल की कठपुतली बनके काम कर रहे हैं भगवंत मान : अश्वनी शर्मा
रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस से की गद्दारी: राजा वड़िंग