March 21, 2026

गैरी करस्टन ने PCB की खुलकर की आलोचना, कहा पेशेवर सम्मान की कमी

गैरी करस्टन ने PCB की खुलकर की...

नई दिल्ली, 21 मार्च : पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व व्हाइट-बॉल हेड कोच गैरी करस्टन ने पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड (PCB) की कार्यप्रणाली पर कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने बोर्ड के कामकाज को ‘ज़हरीला’ (टॉक्सिक) बताते हुए कहा कि वहाँ पेशेवर सम्मान की भारी कमी है। करस्टन के अनुसार, PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी की अगुवाई में ऐसा माहौल था कि टीम के लिए लगातार सफलता हासिल करना लगभग असंभव था।

करस्टन ने अपने अनुभव साझा किए

स्रीलंका के हेड कोच के पद संभालने के बाद करस्टन ने Talksport Cricket को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तानी टीम में अपने 6 महीनों के कठिन अनुभवों के बारे में खुलकर बताया। करस्टन ने कहा, “मुझे सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि बोर्ड द्वारा काम में किस हद तक दखलअंदाजी की जाती है। मैंने अपने पूरे करियर में पहले कभी ऐसा माहौल नहीं देखा।”

उन्होंने बताया कि जब लगातार बाहर से दबाव और शोर-शराबा होता है, तो किसी भी कोच के लिए खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम करना बहुत मुश्किल हो जाता है।

कोच को बनाया जाता है निशाना

करस्टन के मुताबिक, जब टीम खराब प्रदर्शन करती है, तो कोच सबसे आसान निशाना बन जाता है। लोग तुरंत कोच को हटाने या उस पर पाबंदी लगाने की बात करने लगते हैं, जो बिल्कुल गलत दृष्टिकोण है। करस्टन ने PCB की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर बोर्ड हर चीज़ में दखल देगा और कोच को खुलकर काम नहीं करने देगा, तो कोच की नियुक्ति करने का कोई मतलब नहीं रह जाता। उनके अनुसार, पाकिस्तान में खराब प्रदर्शन के बाद की जाने वाली दंडात्मक कार्रवाई टीम के हित में नहीं होती।